बैजनाथ में राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस का आयोजन
Himachalnow / धर्मशाला
सीएम सुक्खू करेंगे अध्यक्षता , प्रशासन तैयारियों में जुटा
हिमाचल प्रदेश का पूर्ण राज्यत्व दिवस इस बार 25 जनवरी को जिला कांगड़ा के बैजनाथ उपमंडल में राज्य स्तरीय समारोह के रूप में मनाया जाएगा। यह समारोह बैजनाथ के इंदिरा गांधी ग्राउंड में आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी।
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, भाषा विभाग और नगर परिषद देहरा सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक में समारोह के आयोजन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
बैजनाथ के इंदिरा ग्राउंड में आयोजित इस भव्य समारोह में जिला प्रशासन ने शिक्षण संस्थानों के छात्रों द्वारा देशभक्ति से भरपूर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी योजना बनाई है। समारोह की सफलता के लिए प्रशासन ने विभागीय कार्यों और उनकी भूमिका को पहले ही तय कर लिया है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय से अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करें।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समारोह में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए जोर दिया है कि सभी व्यवस्थाएं पूर्व योजना के अनुसार समय पर पूरी हों।