Loading...

बैरागढ़ की 182 पात्र महिलाओं को हर माह 1500 रुपये, स्कूल को अगले सत्र से मिलेगी CBSE संबद्धता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

बैरागढ़ की 182 पात्र महिलाओं को अगले माह शुरू होने वाली ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत हर महीने 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बैरागढ़ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई से संबद्ध करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने चुराह विधानसभा क्षेत्र के देहग्रां में ग्रामीणों से संवाद के दौरान ये घोषणाएं कीं।

चंबा/चुराह/देहग्रां

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत देहग्रां पहुंचे और स्थानीय लोगों, महिला मंडलों तथा युवक मंडलों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं और भौगोलिक परिस्थितियों को नजदीक से समझना है। इन जानकारियों के आधार पर बजट में आवश्यक बदलाव करते हुए विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं।

योजना में बिजली और चिकित्सा सुविधा का भी प्रावधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अगले माह से ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करेगी। इसके तहत गरीब परिवारों की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। लाभार्थियों को 300 यूनिट निःशुल्क बिजली और स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। बैरागढ़ की 182 पात्र महिलाओं को योजना के अंतर्गत मासिक वित्तीय सहायता मिलने की बात कही गई है।

सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए ब्याज अनुदान

मुख्यमंत्री ने बताया कि 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्टार्ट-अप स्वरोजगार सौर ऊर्जा योजना के तहत निजी भूमि पर 100 किलोवाट से दो मेगावाट क्षमता तक सोलर पैनल लगाने के लिए जनजातीय क्षेत्रों में पांच प्रतिशत और गैर-जनजातीय क्षेत्रों में चार प्रतिशत ब्याज अनुदान का प्रावधान है। ग्रामीण क्षेत्रों में 250 किलोवाट से एक मेगावाट तक का सोलर पावर प्रोजेक्ट लगाने के लिए बैंक ऋण लेने पर नौ प्रतिशत ब्याज में से पांच प्रतिशत ब्याज सब्सिडी सरकार देगी।

उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा को सतत आजीविका के प्रमुख साधनों के रूप में चिह्नित किया गया है। होम-स्टे स्थापित करने, विस्तार करने या उन्नयन के लिए पांच करोड़ रुपये तक के निवेश पर पांच प्रतिशत ब्याज अनुदान दिया जा रहा है। कार्यक्रम में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगपत्र मुख्यमंत्री के समक्ष रखे, जिस पर अधिकारियों को जायज जनशिकायतों का त्वरित और समयबद्ध निपटारा करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व विधायक सुरेन्द्र भारद्वाज, कांग्रेस महासचिव यशवंत खन्ना, हज कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली भटट, कांग्रेस नेता प्रकाश बटाली, ब्लॉक कांग्रेस प्रधान भूपिंदर ठाकुर और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों, महिलाओं और युवाओं ने देहग्रां पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

Related Topics: •