Loading...

श्री बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर के विकास कार्यों के लिए 23 करोड़ रुपये का बजट मंजूर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Hours Ago • 1 Min Read

महामाया श्री बाला सुंदरी मंदिर न्यास त्रिलोकपुर की बैठक उपायुक्त सिरमौर एवं आयुक्त मंदिर न्यास प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विधायक अजय सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान वित्त वर्ष 2026-27 के लिए करीब 23 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट मंजूर किया गया। इस राशि का उपयोग मंदिर परिसर में विकासात्मक, निर्माण तथा विभिन्न धर्मार्थ कार्यों पर किया जाएगा।

नकदी गणना और ऑडिट के लिए बनेगी पारदर्शी व्यवस्था

नाहन उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि मंदिर में चढ़ावे की नकदी गणना के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर ली गई है। इसके तहत प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ नकदी की गणना होगी। साथ ही मंदिर न्यास के आय-व्यय का समय-समय पर ऑडिट भी कराया जाएगा, ताकि वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।

एक हजार गौवंश क्षमता की नई गौशाला बनेगी

बैठक में निर्णय लिया गया कि त्रिलोकपुर में मंदिर न्यास की ओर से नई गौशाला का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें लगभग एक हजार गौवंश रखने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा नाहन स्थित प्राचीन भगवान परशुराम (मियां मंदिर) के जीर्णोद्धार के लिए भी मंदिर न्यास द्वारा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

स्थानीय सुविधाओं और आपदा प्रबंधन पर भी हुई चर्चा

विधायक अजय सोलंकी ने माता ललिता मंदिर में पेयजल और थ्री-फेज बिजली उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। उन्होंने त्रिलोकपुर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, सड़क, एम्बुलेंस जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश भी दिए। साथ ही वर्षा ऋतु के दौरान आपदा प्रबंधन और फौरी राहत कार्यों के लिए जेसीबी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। बैठक में एसडीएम नाहन एवं संयुक्त आयुक्त मंदिर न्यास राजीव सांख्यान ने विभिन्न प्रस्तावों को क्रमवार प्रस्तुत किया। इस अवसर पर तहसीलदार नाहन, मंदिर अधिकारी उपेंद्र कुमार तथा मंदिर न्यास के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे।