Loading...

NDPS / बरोटीवाला में पुलिस कार्रवाई के दौरान चालक की मौत, तीन गिरफ्तार; 9.02 ग्राम हेरोइन बरामद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 57 Mins Ago • 1 Min Read

NDPS / बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स टीम ने गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर बरोटीवाला टोल बैरियर पर नाकाबंदी की। पुलिस के अनुसार, इस दौरान हरियाणा नंबर की एक कार के चालक ने नाका तोड़कर भागने का प्रयास किया और कुछ दूरी पर कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में चालक ने अपने पास रखा चिट्टा निगल लिया। उसे सिविल अस्पताल बद्दी पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई। कार में सवार तीन अन्य युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस का संकेत मिलने पर नहीं रोकी कार

पुलिस के मुताबिक, स्पेशल सेल-एक्स टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग हरियाणा की ओर से कार में हेरोइन की खेप लेकर बरोटीवाला आ रहे हैं। कार के टोल बैरियर पर पहुंचने के बाद पुलिस ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका। आरोप है कि चालक नाका तोड़ते हुए मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को टक्कर मारकर बरोटीवाला चौक की ओर भागा। करीब 15 से 20 मीटर आगे कार सामने से अपनी सही दिशा में आ रहे ट्रक से टकरा गई।

स्पेशल सेल-एक्स टीम ने मौके पर पहुंचकर कार का दरवाजा खुलवाया। पुलिस के अनुसार, चालक की हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल अपने वाहन से सिविल अस्पताल बद्दी ले जाया गया। मृतक की पहचान विक्रम ठाकुर उर्फ विक्की पुत्र सरवण कुमार, निवासी गांव एवं डाकघर गोयला पन्नर, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है। गिरफ्तार युवकों की पहचान विक्रम सिंह पुत्र गुरचरण सिंह निवासी बारोटीवाला, गौरव कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी गांव बग्गूवाला और आशीष मेहता पुत्र मान सिंह निवासी गांव बग्गूवाला, डाकघर बरोटीवाला, तहसील बद्दी, जिला सोलन के रूप में हुई है।

कार से हेरोइन, डैगर और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद

घटना के बाद एफएसएल टीम ने घटनास्थल और कार का वैज्ञानिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कार से 9.02 ग्राम हेरोइन, एल्युमिनियम फॉयल में लिपटी चार छोटी पुड़ियां, 20 रुपये का अधजला नोट, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने वाली मशीन, एक डैगर, एक मिनी मोबाइल फोन, दो कीपैड मोबाइल, दो वीवो स्मार्टफोन, एल्युमिनियम फॉयल के दो रोल और इस्तेमाल किए गए फॉयल के टुकड़े बरामद किए गए।

बीएनएस और एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज

पुलिस थाना बरोटीवाला में भारतीय न्याय संहिता और एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हैं। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Related Topics: