Loading...

भंजाल स्कूल में सात दिवसीय एनएसएस शिविर शुरू, करीब 50 विद्यार्थी लेंगे भाग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भंजाल में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू हो गया है। प्रधानाचार्य सुधीर कुमार ने शिविर का शुभारंभ किया। इसमें करीब 50 स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं, जिन्हें सेवा भावना, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल

शिविर के शुभारंभ पर प्रधानाचार्य सुधीर कुमार ने स्वयंसेवियों को अनुशासन, नियमित पढ़ाई और अच्छे संस्कारों का महत्व बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए विपरीत परिस्थितियों में सतर्क रहने तथा आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करने से जुड़े सुझाव भी दिए गए।

प्रधानाचार्य ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का अवसर देती है। इसके माध्यम से युवा समाजसेवा, सहयोग, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। कार्यक्रम अधिकारी राजन शर्मा और महिला कार्यक्रम अधिकारी सुनीता ने बताया कि सात दिनों के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवियों को समाजसेवा तथा सामुदायिक सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रतिभागियों के रहने और भोजन की व्यवस्था एनएसएस की ओर से की गई है।

शुभारंभ अवसर पर राजन शर्मा, सुरेश ठाकुर, अनु शर्मा, सीमा सोहाल, रमणीक बंसल, राजीव कुमार, अंकुर सूद, मधु ठाकुर, अनिल कुमार, संदीप कुमार, विनोद ठाकुर, नरेश कुमार, स्मृति चौधरी, नीरज वाला, रामिका कुमारी, अश्विनी पठानिया, रमेश चंदेल, संतोष ठाकुर, निर्मला कुमारी, शशि कुमार, अधीक्षक दिनेश शर्मा, कंचन कुमारी, सुदेश कुमारी और उर्मिला देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Topics: •