भराड़ी के 800 वर्ष पुराने मंदिर का पुनर्निर्माण पूरा, छत पर चढ़ाई पवित्र कुरुड़
पुनर्निर्माण के बाद भराड़ी मंदिर में कुरुड़ चढ़ाने की रस्म सम्पन्न हुई।
सिरमौर जिले के विकास खंड संगड़ाह की ग्राम पंचायत भराड़ी में आगाई महाराज और केलश्वर महाराज के करीब 800 वर्ष पुराने मंदिर का पुनर्निर्माण पूरा होने के बाद रविवार को कुरुड़ चढ़ाने की परम्परा निभाई गई। विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के बाद मंदिर की छत पर पवित्र लकड़ी की कुरुड़ स्थापित कर अंतिम रस्म पूरी की गई।
सिरमौर/भराड़ी
धार्मिक परम्परा के अनुसार आगाई महाराज और केलश्वर महाराज को सबसे पहले हरिद्वार ले जाया गया। इसके बाद दोनों देवताओं की प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार की यात्रा करवाई गई। भराड़ी पहुंचने पर शनिवार रात जागरण आयोजित किया गया। रविवार सुबह विधिवत पूजा-अर्चना और शांत धार्मिक अनुष्ठान हुआ, जिसके बाद मंदिर की छत पर पवित्र लकड़ी की कुरुड़ लगाने की आखिरी रस्म सम्पन्न की गई। इसके साथ ही पुनर्निर्माण के बाद आयोजित धार्मिक प्रक्रिया पूरी हुई।