भारतेंद्र सिंह पाल ने संभाला विकास खंड संगड़ाह के बीडीओ का कार्यभार
विकास खंड संगड़ाह को नया खंड विकास अधिकारी मिल गया है। 2025 एचएएस बैच के अधिकारी भारतेंद्र सिंह पाल ने शनिवार को बीडीओ के रूप में कार्यभार ग्रहण किया और सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा, लंबित परियोजनाओं को गति देने तथा पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने की बात कही।
संगड़ाह
सिरमौर जिले के विकास खंड संगड़ाह को नया खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मिल गया है। शनिवार को 2025 एचएएस बैच के अधिकारी भारतेंद्र सिंह पाल ने बीडीओ संगड़ाह के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। मूल रूप से सोलन जिले के नालागढ़ के निवासी भारतेंद्र सिंह पाल संगड़ाह विकास खंड के 60वें खंड विकास अधिकारी बने हैं।कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ तय समय पर प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि संगड़ाह जैसा भौगोलिक दृष्टि से विस्तृत और दुर्गम विकास खंड चुनौतियों से भरा है, लेकिन पूरी टीम के सहयोग से विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि वह जल्द ही विकास खंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों के कार्यों का शीघ्र और पारदर्शी तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा।
भारतेंद पाल ने कहा कि मेरा प्रयास रहेगा कि विकास खंड कार्यालय आम लोगों के लिए सहज, पारदर्शी और जवाबदेह बने। हर पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे, किसी भी जरूरतमंद को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और विकास कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरे हों।