Loading...

भारतीय किसान संघ ने उठाए किसानों के मुद्दे, डीएपी के दाम घटाने की मांग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

भारतीय किसान संघ जिला सिरमौर की बैठक सराहां में आयोजित हुई, जिसमें संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और किसानों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में डीएपी खाद के बढ़े हुए दाम वापस लेने, पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कृषि बीजों पर सरकारी अनुदान का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई गई। संघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं होने पर प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

सराहां

भारतीय किसान संघ जिला सिरमौर की बैठक शनिवार को सराहां स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान तथा अखिल भारतीय पदाधिकारियों के प्रस्तावित सिरमौर प्रवास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्रदेश स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा, ताकि भविष्य में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में डीएपी खाद की बढ़ती कीमतों और पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने पर भी चिंता व्यक्त की गई। संघ ने सरकार से डीएपी के बढ़ाए गए दाम वापस लेने तथा किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।इसके अलावा कृषि बीजों पर दिए जाने वाले सरकारी अनुदान का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश के सभी जिलों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।