मशरूम की खेती से आत्मनिर्भर बनी भावना राणा, युवाओं के लिए प्रेरणा
जिला हमीरपुर की भावना राणा ने बुलंद हौंसले और कुछ कर गुजरने की चाहत से युवाओं के लिए एक मिसाल पेश की है। भारी गांव की रहने वाली भावना ने अपने घर में मशरूम का प्लांट लगाकर लाखों की आय अर्जित की है।
भावना ने बताया कि देहरादून से फूड टेक्नोलॉजी में डिग्री पूरी करने के बाद, वह कॉरपोरेट सेक्टर में अच्छी नौकरी की तलाश में थीं। इस दौरान उन्हें उद्यान विभाग की एक योजना के बारे में जानकारी मिली, जिसमें मशरूम का प्लांट लगाने के लिए 30 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान था। उन्होंने घर में ही 200 बैग के मशरूम की खेती शुरू की और आज पीक सीजन में रोजाना 800 से 1000 पैकेट मशरूम के बाजार में बेच रही हैं।
भावना ने बताया कि इस योजना का लाभ उठाकर प्लांट लगाने के बाद उन्होंने न केवल अपने लिए, बल्कि अन्य 10 से 12 लोगों को भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्रदान किया है। उन्होंने कहा, “हमने सिर्फ एक कमरे से इसकी शुरुआत की थी, लेकिन हमें बहुत सी समस्याओं का सामना करना पड़ा जैसे मशरूम की बीमारी, खराब होना, और बिक्री में कमी आना। हालांकि, हमने धैर्य और मेहनत से काम किया, और आज हमारा डेली सेल 8000 से 10000 पैकेट के बीच रहता है।”
भावना ने युवाओं और खासकर महिलाओं से अपील की कि वे भी ऐसे इनिशिएटिव लें, क्योंकि सरकार बहुत सी अच्छी योजनाएं और स्कीम्स प्रदान कर रही है। उनका संदेश है कि अगर इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।