उप-मंडल बंगाणा में भाजपा ने जिला पार्षद उम्मीदवारों को हाई कमान ने लगाई मोहर,चार वार्डों में नाम तय
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
उप-मंडल बंगाणा में पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा ने जिला पार्षद उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। पांच वार्डों में उम्मीदवारों के नाम तय होने के बाद पार्टी ने चुनावी तैयारियों को संगठित रूप से आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां भी बढ़ गई हैं।
ऊना
जिला ऊना के उप-मंडल बंगाणा में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति को स्पष्ट करते हुए जिला पार्षद वार्डों के लिए समर्थित उम्मीदवारों की विधिवत घोषणा कर दी है। जिसमें सोहारी वार्ड से जिला पार्षद योगराज जोगी, लाठियानी वार्ड से अनीता देवी, मोमनियार वार्ड से बीना देवी, टक्का वार्ड से जसबीर बिट्टा तथा चताड़ा वार्ड से अनु ठाकुर को भाजपा समर्थित उम्मीदवार घोषित किया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ ने बताया कि इन सभी नामों को अंतिम रूप देने से पहले पार्टी स्तर पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो के साथ विशेष चर्चा के उपरांत प्रत्येक वार्ड से तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर भाजपा हाई कमान को भेजा गया था। हाई कमान ने सभी पहलुओं पर मंथन करने के बाद इन नामों पर अपनी अंतिम मुहर लगाई है। मलांगड़ ने विश्वास जताया कि घोषित किए गए सभी उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत पकड़ रखते हैं और पार्टी की नीतियों तथा जनसेवा के प्रति समर्पित हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन इन प्रत्याशियों के साथ मजबूती से खड़ा है और चुनाव में शानदार प्रदर्शन करेगा। उन्होंने आगे कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। पार्टी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं और सभी वार्डों में चुनावी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ ने यह भी कहा कि पार्टी अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी तथा विपक्ष को कड़ी टक्कर देगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर पार्टी उम्मीदवारों को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं,उम्मीदवारों की घोषणा के बाद क्षेत्र में चुनावी माहौल और अधिक सक्रिय हो गया है तथा सभी की नजरें अब आगामी चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।