वर्ष 2027 में प्रदेश में प्रचंड बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार : डॉ. बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने दावा किया कि वर्ष 2027 में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी। विकसित भारत सम्मेलन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। सम्मेलन में केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई।
नाहन
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि वर्ष 2027 में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के परिणामों ने यह संकेत दे दिया है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की विदाई तय है और जनता भाजपा को सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है।डॉ. बिंदल शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय नाहन में आयोजित जिला स्तरीय विकसित भारत सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में भारत ने विश्व मंच पर अपनी अलग और गौरवशाली पहचान स्थापित की है। आज देश आर्थिक महाशक्ति के रूप में तेजी से उभर रहा है और विकास तथा जनसेवा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
उन्होंने नव निर्वाचित नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि आम जनता को विकास कार्यों की वास्तविक जानकारी मिल सके।
डॉ. बिंदल ने अपने संबोधन में आपातकाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को देश के लोकतांत्रिक इतिहास का काला अध्याय बताते हुए कहा कि उस समय संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को गंभीर क्षति पहुंचाई गई थी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज संविधान की रक्षा की बात करने वाले नेताओं को अपने इतिहास की भी समीक्षा करनी चाहिए।
इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप ने केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियों और योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश के हर वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।सम्मेलन में विधायक सुखराम चौधरी, भाजपा जिला प्रभारी संजय ठाकुर, जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, नारायण चौहान सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के नव निर्वाचित प्रतिनिधि तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।