Budget 2024: गाय-भैंस के दूध का खरीद मूल्य बढ़ाया, 12 करोड़ से खुलेगा बागवानी उत्कृष्टता केंद्र
सेब पैकिंग के लिए यूनिवर्सल कार्टन की व्यवस्था होगी लागू
HNN/ शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 1 अप्रैल से गाय के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 38 से बढ़ाकर 45 रुपये प्रति किलो, जबकि भैंस के दूध का खरीद मूल्य 55 रुपये करने की घोषणा की है। सीएम ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर दूध खरीद करने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य है। यदि खुले बाजार में ज्यादा दाम मिलता है तो पशुपालक इसे बाजार में बेचने के लिए स्वतंत्र होगा।
1 अप्रैल से एपीएमसी द्वारा ली जाने वाली फीस दुग्ध सोसाइटियों के लिए माफ की जाएगी। दूध प्रसंस्करण केंद्रों पर 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दाड़लाघाट में कृत्रिम गर्भाधान केंद्र खोला जाएगा। गोवंश के लिए 1200 रुपये प्रति गोवंश अनुदान मिलेगा। सीएम सुक्खू ने कहा कि 2024-25 में नई मंडियों का निर्माण किया जाएगा।
मंडियों को अपग्रेड करने के साथ डिजिटाइज्ड भी किया जाएगा। वेब आधारित कृषि पोर्टल बनाया जाएगा। उत्कृष्टता केंद्र सब्जी पौधे केंद्र खोला जाएगा। सीएम सुक्खू ने कहा कि बागवानी क्षेत्र में 300 करोड़ के विकास कार्य होंगे। 12 करोड़ से बागवानी उत्कृष्टता केंद्र खोला जाएगा। दो फ्रूट प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित किए जाएंगे। इस सेब सीजन से सेब पैकिंग के लिए यूनिवर्सल कार्टन की व्यवस्था लागू होगी।