Budget 2024: 10 राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण की घोषणा
राज्य के 500 शिक्षा संस्थानों में रीडिंग रूम बनाए जाएंगे, हर पंचायत स्तर पर बनेंगे आधुनिक पुस्तकालय
HNN/ शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 10 राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के लिए 330 करोड़ का बजट प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि तीन अटल आदर्श विद्यालय को क्रियाशील किया जाएगा। अटल आदर्श विद्यालय व डे बोर्डिंग स्कूलों के कर्मचारियों का एक विशेष कैडर बनाया जाएगा।
राज्य के 500 शिक्षा संस्थानों में रीडिंग रूम बनाए जाएंगे
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वित्त वर्ष 2024 में राज्य के 500 शिक्षा संस्थानों में रीडिंग रूम बनाए जाएंगे। हर पंचायत स्तर पर आधुनिक पुस्तकालय खोलें जाएंगे। पहले चरण में 493 पुस्तकालय खोलने की योजना है।
तीन किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित स्कूल में विद्यार्थियों के आने-जाने की व्यवस्था सरकार करेगी। विद्यार्थियों को स्वच्छ पानी की बोतल मिलेगी। शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति को प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सुख अरोग्य योजना की घोषणा
सीएम सुक्खू ने मुख्यमंत्री सुख अरोग्य योजना की घोषणा की। इस योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के आयकर नहीं देने वाले व पेंशन नहीं लेने वालों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना की भी घोषणा की गई।
इसके तहत सभी विधवाओं के 27 वर्ष तक की आयु वाले बच्चों, जिनकी सभी स्रोतों से आय एक लाख से कम है, की शिक्षा से संबंधित खर्चसरकार वहन करेगी। वहीं, 18 साल से कम आयु के बच्चों को एक हजार प्रति माह आरडी के रूप में खाते में जमा करेगी। सभी महिलाओं का स्वास्थ्य बीमा का प्रीमियम सरकार वहन करेगी।