Campus Interview : चंबा में सुरक्षा गार्ड के 100 पदों पर भर्ती, 7 से 11 सितंबर तक साक्षात्कार
Campus Interview : जिला रोजगार कार्यालय चंबा निजी कंपनी सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर के लिए सुरक्षा गार्ड के 100 पदों पर भर्ती हेतु कैंपस इंटरव्यू आयोजित करेगा। साक्षात्कार 7 से 11 सितंबर तक चंबा जिले के पांच रोजगार कार्यालयों में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक होंगे।
चंबा
जिला रोजगार अधिकारी जितेंद्र सिंह वर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 10वीं या इससे अधिक और आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। भर्ती केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए होगी। अभ्यर्थी की ऊंचाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 55 से 95 किलोग्राम के बीच होना आवश्यक है। इच्छुक अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो, रोजगार कार्यालय का प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और बायोडाटा साथ लाना होगा।
पांच स्थानों पर होंगे साक्षात्कार
कैंपस इंटरव्यू 7 सितंबर को उप रोजगार कार्यालय भरमौर, 8 सितंबर को जिला रोजगार कार्यालय चंबा, 9 सितंबर को उप रोजगार कार्यालय डलहौजी, 10 सितंबर को उप रोजगार कार्यालय सुंडला और 11 सितंबर को उप रोजगार कार्यालय तीसा में आयोजित किया जाएगा। सभी स्थानों पर साक्षात्कार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा और दोपहर 2 बजे तक चलेगा। अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित रोजगार कार्यालय में उपस्थित हो सकते हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को एक महीने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें 17 हजार से 24 हजार रुपये तक वेतन और अन्य लाभ प्रदान किए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कैंपस इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
