27 कामगारों को 5-5 हजार रुपए की राहत राशि की प्रदान
HNN/ बद्दी
दून के युवा भाजपा नेता विधि चंद राणा ने झाड़माजरी के अरोमा उद्योग में हुए दर्दनाक हादसे के घायलों की मदद को हाथ बढ़ाया है। बद्दी, झाड़माजरी व नालागढ़ के अस्पतालों में उपचाराधीन कामगारों को विधि चंद राणा ने 5-5 हजार की राहत राशि प्रदान की।
विधि चंद राणा ने बताया के 27 कामगारों को 5-5 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा के बड़े शर्म की बात है इतना बड़ा हादसा होने के बाबजूद भी अभी तक सरकार और प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को कोई आर्थिक मदद प्रदान नहीं की।
न ही सरकार ने मुआवजे की कोई घोषणा की। उन्होंने प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग उठाई है कि तुरंत सरकार पीड़ित परिवारों को राहत राशि प्रदान करे। विधि चंद राणा ने रोके गए सर्च अभियान को चलाने और अंदर पड़े शवों को बाहर निकालने की भी गुहार लगाई है।
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के झाड़माजरी में 2 फरवरी को परफ्यूम उद्योग में पेश आए आग लगने के मामले को लेकर आज रेस्क्यू ऑपरेशन का छठा दिन है। चंडीगढ़ से सेंटर फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और उनके द्वारा यहां पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। टीम ने केमिकल के अलग-अलग सैंपल लिए हैं। ये सैंपल अब टीम अपनी लैब में जांचेगी। उसके बाद ही आग के कारणों का पता चला पाएगा।
वहीं, एसआईटी द्वारा ड्रोन कैमरे की मदद से उद्योग में लगी आग मामले को लेकर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी की गई है, जिसके माध्यम से देखा जा सकता है कि पूरा उद्योग का भवन क्षतिग्रस्त आग के कारण हुआ है। इसमें प्लांट प्रबंधक चंद्रशेखर से रिमांड के दौरान पुलिस को पता चला कि फैक्टरी के झाड़माजरी और बरोटीवाला में दो गोदाम हैं।
इनमें झाड़माजरी में जली फैक्टरी से 100 मीटर दूर इसका एक बड़ा गोदाम है, दूसरा बरोटीवाला में है। इन गोदामों में तैयार सामान रखा जाता था। बद्दी जिला पुलिस की पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज ने बताया कि दोनों गोदामों में टीम ने निरीक्षण किया। दोनों जगह फॉरेंसिक टीम ने सैंपल ले लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। गोदाम सील किए हैं।
जिला सोलन के बद्दी में झाड़माजरी की परफ्यूम बनाने वाली आरोमा फैक्टरी में हुए भीषण अग्निकांड से अग्निकांड से प्रभावित कामगारों को यहां पर नए खुलने वाले उद्योगों में नौकरी दिलाई जाएगी। इसके साथ ही कंपनी में ऑन रोल सभी कर्मियों को नियमों के तहत पैसा दिलवाने के लिए भी श्रम अधिकारियों को आदेश दे दिए गए हैं।
श्रम अधिकारियों के अनुसार किसी भी कामगार को बेरोजगार नहीं होने दिया जाएगा। इनकी एक लिस्ट भी कंपनी से मांगी गई है। जो भी कर्मचारी कंपनी में तैनात हैं, उन्हें नियमों के तहत उचित मुआवजा और नौकरी दिलवाने का प्रयास किया जाएगा।
साथ ही जो कामगार कंपनी में पक्के थे और उन्हें पांच साल से अधिक समय हो गया था, उन्हें वीआरएस दिलवाकर पैसा दिलाया जाएगा। हालांकि अभी कंपनी प्रबंधकों से सभी कामगारों का ब्योरा लिया जाएगा। उसके बाद ही इस पर कार्य शुरू होगा।
एनओसी देने वाले विभिन्न विभागों के अफसर नपेंगे, हादसे की गिरेगी गाज
HNN/बद्दी/ओम शर्मा
औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के तहत झाड़माजरी के अलम्बिक चौक के समीप स्थित परफ्यूम उद्योग अरोमा में हुई भीषण आगजनी में अब तक कुल 5 कामगारों की मौत हो चुकी है। बीती रात जहां पीजीआई में 1 गम्भीर घायल महिला ने दम तोड़ दिया था, वहीं लापता लोगों का आंकड़ा 9 से बढ़कर 13 हो गया है। शनिवार को एनडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और उद्योग की तीसरी मंजिल से 4 शव बरामद किए।
देर शाम तक रेस्क्यू ओर सर्च ऑपरेशन जारी रहा। उद्योग का काफी हिस्सा व छत तथा दीवारें गिरने के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी दिक्कत पेश आ रही है। वहीं हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल व डीजीपी संजय कुंडू ने हादसे की जांच के सख्त आदेश जारी किये हैं। जबकि एएसपी बद्दी के नेतृत्व में जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है जो हर पहलू की गहनता से जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी।
वहीं पुलिस ने अरोमा उद्योग के प्लांट हैड को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उद्योग के मालिक की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना हुई हैं। इस दर्दनाक हादसे ने जहां उद्योग जगत को हिला कर रख दिया। वहीं कई तरह की खामियां भी निकलकर सामने आईं हैं। उद्योग को एनओसी देने वाले विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिसके चलते जांच में एनओसी देने वाले अधिकारियों पर गाज गिरना भी तय है। हादसे से सबक लेते हुए प्रदेश सरकार ने मामले की हाई लेबल जांच के आदेश जारी किए हैं।
रात 2 बजे तक जारी रहा बचाब अभियान
बीती रात 2 बजे तक बचाब अभियान जारी रहा। दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें देर रात तक घटनास्थल पर डटी रहीं और सुलगते उद्योग में बार बार उठती लपटों को शान्त करने का काम जारी रहा। आसपास के उद्योगों से फायर टेंडरों द्वारा पानी भरा जाता रहा और आग की बार बार उठ रही लपटों को शान्त करने के लिए दमकल व एनडीआरएफ के जवान जदोजहद करते नज़र आये।
मां की तरह पीड़ितों को ढांढस बंधाती नजर आई एसपी इलमा अफरोज
जैसे ही हैल्थ मिनिस्टर कर्नल धनी राम शांडिल, दून विधायक राम कुमार चौधरी, प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं इंटक अध्यक्ष हरदीप बावा घटनास्थल पर पहुंचे पीड़ित परिवारों का तांता लग गया। पूरा घटनास्थल परिजनों की चीख पुकार से गूंज उठा।
इस दौरान जहां सभी ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया। वहीं एसपी बद्दी इलमा अफरोज परिजनों के सिर पर हाथ फेरकर उन्हें ढांढस बंधाती और हौसला देती नज़र आई। हर आंख नम थी और मौके पर मौजूद सभी लोग पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते नज़र आये।
खाक हो चुके उद्योग के अंदर से बच्चों के लौटने का इंतज़ार
एक तरफ जहां देर रात तक दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें राहत व बचाब कार्य के लिए डटी रही। वहीं भारी पुलिस बल भी सुरक्षा के दृष्टिगत रात भर मौके पर मौजूद रहा। देर रात तक लापता बच्चों के परिजन हाथ और मोबाइल में बच्चों की तस्वीरों को लेकर बचाब टीम से बच्चों की खोज खबर लेते नज़र आये। लाचार व गमगीन परिजनों की पथराई आंखों में पूरी तरह खाक हो चुके उद्योग के अंदर से अपने बच्चों के आने का इंतजार था।
देर रात तक लापता बच्चों के परिजनों उद्योग के आसपास ही बैठे रहे। यह दर्दनाक आगजनी जहां कभी न भरने वाले ज़ख्म छोड़ गई वहीं कई सवाल और उद्योग के साथ साथ सम्बंधित विभागों की लापरवाही को भी जगजाहिर कर गई। सरकार के साथ साथ डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने हादसे की मैजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी किए हैं।
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी के बद्दी में हिलटॉप स्थित परफ्यूम बनाने वाली अरोमा कंपनी में आखिरकार अग्निशमन विभाग द्वारा आग पर काबू पा लिया गया है। एनडीआरएफ की टीम ने अभी तक चार कामगारों के शव बरामद कर लिए है।
वहीं अभी भी कई कामगार लापता है। वहीं घटनास्थल पर परिजन भी मौजूद है। अब तक की जांच के मुताबिक आग लगने के वक्त फैक्ट्री में कुल 85 लोग मौजूद थे। 30 घायल अवस्था में विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं।
इसके साथ ही कंपनी प्रबंधक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विस्त़ृत जांच के लिए एसटीआई का गठन किया है। एसटीआई टीम फिर घटना की जांच और निरीक्षण करेगी।
बद्दी की एक महिला कामगार की हुई मौत, पीजीआई में ही भर्ती कई लोगों की हालत गंभीर
HNN/ बद्दी
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी के बद्दी में हिलटॉप स्थित परफ्यूम बनाने वाली अरोमा फैक्टरी में अभी तक भी आग नहीं बुझी है। अभी 20 कामगार लापता बताए जा रहे हैं। पूरी तरह से बुझने के बाद ही लापता लोगों को ढूंढने का अभियान चलेगा। वहीं घटनास्थल पर परिजन भी पहुंच चुके है। अग्निशमन विभाग द्वारा आग बुझाने का कार्य किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पीजीआई चंडीगढ़ रेफर बद्दी की एक महिला कामगार की मौत हो गई, जबकि पीजीआई में ही भर्ती चार लोगों की हालत गंभीर है। मृतका की पहचान पिंकी पत्नी पवन, निवासी मखनूमाजरा, बद्दी के रूप में हुई है।
पीजीआई में भर्ती आरती, चरण सिंह, गीता और प्रेम कुमारी की हालत गंभीर हैं। इनमें तीन की रीड की हड्डी टूट गई है। 25 घायल सोलन के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। बद्दी के पुलिस अधीक्षक इलमा अफरोज ने बताया कि फैक्टरी के खिलाफ बरोटीवाला थाने में लापरवाही बरतने पर मामला दर्ज किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी में औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी के तहत अलम्बिक चौक के समीप परफ्यूम निर्माता कम्पनी एन आर अरोमा में आग लगने से करोड़ों का नुकसान हो गया। उद्योग में भारी मात्रा में केमिकल होने के कारण पूरा उद्योग आग की भेंट चढ़ गया।
यह है आधिकारिक रिपोर्ट…..
बता दें आग करीबन 1:40 मिनट पर लगी और सुबह से तेज हवा चलने के कारण देखते ही देखते आग पूरे उद्योग में फैल गई। मौके से कामगारों ने दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल से कूदकर जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ कामगार अंदर फंसे थे जो नहीं निकल पाए।
घायल 32 कामगारों को ईएसआई, बद्दी अस्पताल व ब्रुकलिन हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। जिसमें से 5 गम्भीर घायलों को पीजीआई रेफर किया गया है। हादसे के बाद डीसी सोलन, एसपी बद्दी, एसडीएम नालागढ़ समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
दमकल विभाग बद्दी, विरला, वर्धमान उद्योग व आसपास के उद्योगों में लगे फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी उद्योग सुलग रहा था। उद्योग में भारी मात्रा में केमिकल होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
केमिकल के चलते उद्योग में एक के बाद एक 50 से अधिक धमाके हुए। पहले 10 गाड़ियां तो पानी की फेंकी गई, जिसके बाद फॉम केमिकल लाया गया और आग पर काबू पाने के प्रयास किये गए। दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमों ने आग पर काबू पाने को जी जान लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो उद्योग में 3 दर्जन से अधिक लोग फंसे थे जो बाहर नहीं निकल पाए। प्रशासन ने अभी तक किसी की मौत की कोई पुष्टि नहीं कि है लेकिन भारी जानी नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।
डीसी सोलन मनमोहन कुमार ने बताया कि 32 लोगों का उपचार चल रहा है। 5 को पीजीआई रेफर किया गया है। हादसे की जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं, जांच के बाद ही किसी जानी नुकसान के बारे कहा जा सकता है।
एसपी बद्दी ईलमा अफरोज ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू किया गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही सारी स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं यह हादसा कई सवाल भी खड़े कर गया है।
क्या जब आग लगी उस समय आग पर काबू पाने के इंतजाम उद्योग में नहीं थे। केमिकल से भरे इस उद्योग को कैसे फायर एनओसी दी गई, आसपास के उद्योगों के लिए यह उद्योग खतरा बन गया था।
दमकल और एनडीआरएफ के प्रयास भी दम तोड़ते नज़र आए। जब तक उद्योग पूरी तरह से जल नहीं गया, आग कंट्रोल हुई ही नहीं। आसपास के उद्योगों के प्रबंधन की जान गले में अटकी रही। ऐसे कई सवाल हैं जो सम्बंधित विभागों, प्रशासन व उद्योग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस महासचिव व इंटक के प्रदेशाध्यक्ष हरदीप बावा ने की तत्काल प्रभाव से नियुक्ति
HNN/ बद्दी
लंबे समय से मीडिया में कार्यरत व विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रिंट एंड इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव ओम शर्मा को देश के सबसे बड़े व राष्ट्रीय-प्रदेश से मान्यता प्राप्त मजदूर संगठन इंटक में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला ऊना से सम्बंध रखने वाले और एशिया के सबसे बड़े फार्मा हब में कार्यरत ओम शर्मा को इंटक के प्रदेश मीडिया प्रभारी व प्रदेश प्रवक्ता के साथ साथ इंटक आईटी सेल का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव व इंटक के प्रदेशाध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह ने नियुक्ति पत्र जारी कर तत्काल प्रभाव से उनकी नियुक्ति कर दी है। इंटक के नवनियुक्त प्रदेश मीडिया प्रभारी-प्रवक्ता व इंटक आईटी सेल के प्रदेशाध्यक्ष ओम शर्मा ने कहा के संगठन ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है उसे वह पूरी ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा से निभाएंगे।
ओम शर्मा ने कहा के इंटक हमेशा मजदूरों के हकों के लिए लड़ती आई है और इंटक का मजदूरों के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। ओम शर्मा ने बताया के बीते कल घुमारवीं में इंटक के प्रदेशाध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह की अगुवाई में हुई बैठक में आईपीएच के पैरा वर्करों व पीडब्ल्यूडी के मल्टीटास्क वर्करों को सेलरी न मिलने व उनके लिए स्थाई पॉलिसी का मामला सामने आया है।
जल्द ही इंटक के प्रदेशाध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह सरकार के समक्ष इस मुद्दे को रखेंगे। वहीं केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आहवान पर 16 फरवरी को होने वाली देश व्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए एक अहम बैठक इंटक प्रदेशाध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह के नेतृत्व में होने जा रही है।
ओम शर्मा ने बताया के इंटक प्रदेशाध्यक्ष हरदीप बाबा ने साफ कर दिया है के इंटक मजदूरों व वर्करों के हक के लिए सड़कों पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेगी। पैरा वर्करों व मल्टीटास्क वर्करों के हक के लिए पूरे प्रदेश में सभी वर्करों को एकजुट किया जा रहा है।
वहीं एक मांग पत्र भी सरकार को सौंपा जाएगा। ओम शर्मा ने संगठन में अहम जिम्मेदारी के लिए इंटक के राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व, इंटक प्रदेशाध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह, कांग्रेस के राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व तथा दून विधायक चौधरी राम कुमार समेत सबका आभार व्यक्त किया।
विधायक राम कुमार चौधरी व गुरप्रीत माथुर ने खेलों में अव्वल रहे बच्चों को किया सम्मानित
HNN/बद्दी
बद्दी के तहत मलपुर स्तिथ सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक खेल दिवस का भव्य समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दून विधायक राम कुमार चौधरी तथा जीनियस इंटरनेशनल स्कूल की डायरेक्टर गुरप्रीत माथुर ने मशाल प्रज्ज्वलित करके किया। सभी अतिथिगणों का स्वागत करते हुए स्कूल की प्रिंसिपल बिन्दु ने विद्यालय में खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
खेल दिवस के इस अवसर पर स्कूल के डायरेक्टर करणबीर राणा, चेयरपर्सन अनाया राणा , सुनिधि राणा, को-फाउंडर डायरेक्ट पुनीत गुप्ता, मोहिंदर, प्रिंट एंड इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव ओम शर्मा, दून आईटी सेल के अध्यक्ष वरुण कालिया, मनोनीत पार्षद रमन कौशल, कुलदीप सिंह व कॉन्ट्रेक्टर सुरिंदर सिंह उपस्थित रहे। इस खेल समारोह में नर्सरी से यू. के.जी. के छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
छात्रों ने कई तरह के खेलों में अपना हुनर दिखाया। नर्सरी के छात्रों ने हेल्थ इज वेल्थ, स्ट्रेट थ्रो सर्कल, क्लेयर दी वे, एलकेजी के छात्रों ने लेटस रेलोकेट, ड्रैग फॉरवर्ड, ऑब्सटेकल रेस, बॉल बैलेंसिंग तथा यूकेजी के छात्रों ने कार रेड, शॉपअप, इक्युलिब्रियम में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद छात्रों ने खेल नृत्य, योगा, रिंग ड्रिल, संगीत तथा मार्शल आर्ट में अपना बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया।
मुख्य अतिथि ने विभिन्न खेलों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कार वितरित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। विधायक राम कुमार चौधरी ने सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रदेश को इस तरह के स्कूलों की जरूरत है, जो पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद को भी बढ़ावा दे।
स्कूल के चैयरमैन कुलबीर राणा तथा मैनेजिंग डायरेक्टर करणबीर राणा ने छात्रों को बताया कि खेल शारीरिक व मानसिक विकास के लिए आवश्यक है। मेडल मिलना या न मिलना महत्त्व नहीं रखता, खेलों में भाग लेना अति आवश्यक है।
इस प्रकार उन्होंने छात्रों का उत्साह बढ़ाया तथा इस प्रकार की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया और कहा कि सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल हमेशा अपने बच्चों को इस तरह का मंच प्रदान करेगा। अंत में राष्ट्रीय गान के साथ खेल दिवस का समापन किया गया।
हरिपुर-कोटला रोड़ पर बॉलीवुड स्पाइस का विधिवत शुभारंभ
HNN/ बद्दी/ ओम शर्मा
बीबीएन को क्वालिटी फूड और फाइव स्टार सुविधाएं देने के मकसद से बॉलीवुड स्पाइस ने बद्दी में कदम रखा है। भीड़भाड़ से अलग हरिपुर की हरी भरी पहाड़ियों के बीच हरीपुर कोटला रोड़ पर स्थापित बॉलीवुड स्पाइस का शुभारंभ हवन यज्ञ और पूजा अर्चना के साथ हुआ। बॉलीवुड स्पाइस की एक शाखा पहले ही शिमला रोड़ पर जाबली कोटि में चल रही है। जहां उनके स्वाद, फूड क्वालिटी और उम्दा सर्विस के चलते ट्राइसिटी चंडीगढ़ ओर हिमाचल लोग वहां पहुंचे हैं।
झाड़माजरी से बाबा हरीपुर के द्वार को जाते समय कोटला की पहाड़ियों पर खुले बॉलीवुड स्पाइस आने वाले समय में आलीशान सुविधाओं से लैस लग्जरी हट्स और स्विमिंग पूल की सुविधाएं भी देगा। अभी बॉलीवुड स्पाइस में 2 पार्टी हॉल, रेस्टोरेंट, टॉप रूफ सिटिंग फैसिलिटी, स्पेशल सीटिंग फैसिलिटी, वार एंड रेस्टोरेंट की सुविधा मौजूद है। बॉलीवुड स्पाइस के नरेन्द्र कुमार, गुरप्रीत सिंह व राहुल भारद्वाज ने बताया के उनका मकसद लोगों को उत्तम दर्जे का क्वालिटी फूड और लग्ज़री सुविधा देना है।
बॉलीवुड स्पाइस में 12 शेफ और 40 से अधिक लोगों का स्टाफ रहेगा जिनका मकसद अपने कस्टमर को उत्तम दर्जे की सर्विस देना रहेगा। उनका दावा है के उपभोक्ता यहां के स्वाद, फूड क्वालिटी ओर सर्विस को भूल नहीं पाएगा और 1 बार यहां आने के बाद लोग दोवारा खुद यहां खींचे चले आएंगे। नरेन्द्र कुमार व राहुल भारद्वाज ने बताया के सोमवार को पूजा अर्चना व हवन यज्ञ के साथ बॉलीवुड स्पाइस का विधिवत शुभारंभ किया गया। लोग यहां पर आकर बढ़िया व क्वालिटी फूड का स्वाद ले सकते हैं।