Category: Lahaul and Spiti

  • बर्फ़बारी से वाहनों के स्किड होने का बढ़ा खतरा

    बर्फ़बारी से वाहनों के स्किड होने का बढ़ा खतरा

    HNN/ लाहौल स्पीति

    हिमाचल प्रदेश के लाहौल घाटी समेत अटल टनल नॉर्थ पोर्टल में हिमपात शुरू होने से पर्यटकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कड़कड़ाती ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में सैलानी बर्फ में अठखेलियां करते नज़र आये। वही, बर्फबारी होने से वाहन चालकों की चिंता और भी बढ़ गई है। बर्फ़बारी के कारण सड़क पर जमी बर्फ की मोटी परत से वाहनों के स्किड होने का खतरा और भी बढ़ गया है।

    वही, प्रशासन ने पर्यटकों से एडवाइज़री जारी करते हुए कहा कि वाहनों को सावधानीपूर्वक चलाए। बर्फबारी के चलते प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। उधर, डीसी लाहौल स्पीति सुमित खिमटा ने बताया कि लाहौल में सुबह-शाम हिमपात होने से तापमान में बहुत गिरावट आई है और लाहौल घाटी में 5 से 6 इंच तक बर्फ़बारी हुई है।

  • जलस्त्रोत और पानी की पाइपें जाम, ग्रामीणों और मवेशियों के लिए पानी की समस्या…

    जलस्त्रोत और पानी की पाइपें जाम, ग्रामीणों और मवेशियों के लिए पानी की समस्या…

    HNN/ लाहौल

    जनजातीय क्षेत्र लाहौल घाटी में कड़ाके की ठंड में पानी के पाइप भी जम गए हैं। लाहौल-स्पीति जिले की कई पंचायतों के ग्रामीण मुश्किल हालात से जूझ रहे हैं। कड़ाके की ठंड में पेयजल योजना की पाइपलाइन जम गई है, जिससे कई गांव में पानी का कोई स्रोत नहीं बचा है। बता दें कि लाहौल-स्पीति में इन दिनों रुक-रुक कर बर्फबारी का दौर लगातार जारी है जिससे तापमान माइनस में चला हुआ है।

    माइनस तापमान के बीच जिला के नदी-नाले और झील-झड़ने पहले से ही जम चुके हैं। कड़ाके की ठंड के कारण घाटी में पेयजल के करीब 60 फीसदी जलस्त्रोत जम गए हैं, जिससे ग्रामीणों को अपने साथ पालतू मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था करना एक चुनौती बन गया है। पानी की पाइपें जम जाने से गांवों में अधिकांश नल सूख गए हैं। ग्रामीण आग जला कर पाइपों में जमी बर्फ को पिघला रहे हैं।

  • लाहौल घाटी के रिहायशी इलाकों में ताजा हिमपात, शीतलहर की चपेट में….

    लाहौल घाटी के रिहायशी इलाकों में ताजा हिमपात, शीतलहर की चपेट में….

    HNN/ लाहौल

    हिमाचल प्रदेश के पहाड़ एक बार फिर बर्फ से ढक गए हैं। प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ है जिससे शीतलहर भी तेज हो गई है। बता दें कि लाहौल घाटी के रिहायशी इलाकों में बर्फ के फाहे गिरे हैं जिससे घाटी कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गई है। शनिवार रात से रविवार सुबह तक बर्फबारी का दौर जारी रहा जिससे पारा लुढ़क गया है।

    लाहौल के उदयपुर उपमंडल के तिंदी, सलग्रां और उदयपुर समेत मयाड़ वेली में ताजा हिमपात हुआ है। इन इलाकों में 3 से 15 सेंटीमीटर तक बर्फ गिरी है। वहीं प्रदेश में आगामी दिनों के दौरान भी मौसम के खराब बना रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में पहाड़ों पर बर्फबारी और कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना है।

  • तापमान लुढ़कने से चंद्रभागा नदी सहित जल स्रोत जमे…

    तापमान लुढ़कने से चंद्रभागा नदी सहित जल स्रोत जमे…

    HNN/ लाहौल-स्पीति 

    हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में नदी-नाले पूरी तरह से जम चुके है। इन दिनों जिला में तापमान जमाव बिंदु से भी नीचे पहुंच चुका है जिसके चलते जल स्रोत जम गए हैं। जल स्त्रोतों के जमने से ना केवल वन्यजीवों बल्कि लोगों को भी पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।

    बता दें कि जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की चंद्रभागा नदी जमने लगी हैं। इतना ही नहीं तापमान में भारी गिरावट के चलते पेयजल लाइनें भी पूरी तरह से जाम हो गई है। ऐसे में लोगों के घरों में जल नहीं आ रहा है जिससे लोगों को पीने तक का पानी नसीब नहीं हो रहा है। उधर, डीसी लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने स्थानीय लोगों से ठंड के मौसम में एहतियात बरतने की अपील की है। साथ ही वाहनों को भी सुरक्षित चलाने की हिदायत दी है।

  • सड़क एवं मौसम की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, सुबह 9 बजे से…

    सड़क एवं मौसम की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, सुबह 9 बजे से…

    HNN / लाहौल-स्पीति

    जिला लाहौल-स्पीति में सड़क एवं मौसम की स्थिति और एनएच-003 पर जमी हुई बर्फ तथा फिसलन वाली सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने जारी एडवाइजरी में बताया कि सभी स्थानीय और पांगी उपमंडल जाने वाले वाहनों (ट्रक को छोड़कर) अटल टनल रोहतांग के माध्यम से जिले में प्रवेश करने की केवल सुबह 09:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक बिना किसी प्रतिबंध के अनुमति प्रदान की है।

    उपायुक्त सुमित खिमटा ने आदेश जारी किए हैं कि केवल 4 x 4 पर्यटकों के वाहनों को प्रातः 09:00 से सायं 04:00 बजे तक अटल टनल रोहतांग ( इसके विपरीतता से) जिले में प्रवेश करने की अनुमति अगले आदेश तक है। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिए हैं कि पुलिस विभाग लाहौल एवं स्पीति यातायात प्रबंधन की देखरेख करेगा और जिला कुल्लू पुलिस के साथ समन्वय से कार्य करेंगे।

    उपायुक्त ने खराब मौसम के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को घाटी में यात्रा करते समय बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है । हिमपात के मामले में उनसे अनुरोध किया है कि सुरक्षित स्थानों पर रहें व सभी होटल और होमस्टे मालिकों से भी अनुरोध किया है कि वे अपने मेहमानों को भी इसी तरह सलाह दें। किसी भी आपातकाल की स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला लाहौल एवं स्पीति को 94594-61355, 01900202509, 510, 517 और टोल फ्री नंबर- 1077 पर सूचित करें।

  • कुल्लू जा रही महिला ने अटल-टनल के पास तोड़ा दम, लंबा जाम लगने से….

    कुल्लू जा रही महिला ने अटल-टनल के पास तोड़ा दम, लंबा जाम लगने से….

    HNN / लाहौल-स्पीति

    अटल-टनल रोहतांग में धुंधी के पास एक बीमार महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की पहचान कर्म दासी (58) वर्षीय छातिंग गांव, लाहौल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कर्म दासी पांच दिन पूर्व पेट की दर्द का चेकअप कराने के बाद दो दिन पहले ही कुल्लू से लाहौल स्थित अपने घर आई थी। शनिवार को उसे फिर से पेट में दर्द हुआ और उसे निजी गाड़ी में बैठाकर परिवार उदयपुर ले आया।

    यहाँ भी जब महिला की हालत में कोई सुधर नही आया, तो उसे परिवार वाले कुल्लू ले गए। लेकिन अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल के साथ धुंधी के पास जाम लगने के चलते महिला ने गाडी में दम तोड़ दिया। उधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि वे शनिवार को स्वयं सोलंगनाला तक निरीक्षण पर गए थे। सभी वाहनों को सोलंगनाला में रोका गया था और लाहौल जाने वाले फोर बाई फोर वाहनों को ही भेजा गया था।

  • शीतोष्ण फलों को माईट से बचाने के लिए बागवानों को किया जागरूक

    शीतोष्ण फलों को माईट से बचाने के लिए बागवानों को किया जागरूक

    HNN/ लाहौल स्पीति

    डॉ वाई.एस.परमार औद्यानिकी एवं बागवानी विश्वविद्यालय नौणी के क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र मशोबरा की ओर से लाहुल-स्पीति के उदयपुर में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली द्वारा कृषि फसलों की माईट पर ऑल इंडिया नेटवर्क परियोजना के अन्तर्गत प्रायोजित जनजातीय उपयोजना के अन्तर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उदयपुर पंचायत के करीब 60 किसानों ने भाग लिया।

    इस अवसर पर परियोजना प्रभारी व कीट वैज्ञानिक डॉ संगीता शर्मा ने शीतोष्ण फलों व पॉलीहाउस में लगने वाली माईट की पहचान, क्षति के लक्षण तथा रोकथाम के बारे में बागवानों को विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने बागवानों को बताया कि माईट एक सूक्ष्मदर्शी जीव है जिसके लगातार पत्तों से रस चूसने पर पत्तों का रंग फीका पड़ जाता है और फल कच्चे तथा छोटे आकार के रह जाते हैं। अगले वर्ष बीम कम बनते हैं और उत्पादन में भारी कमी आती है।

    माईट के अण्डों को सर्दियों में फूटने से बचाने के लिए हॉर्टिकल्चर मिनरल तेलों का हरित कली अवस्था पर छिड़काव करना चाहिए। यदि माईट को जनसंख्या प्रति पत्ता 6.8 हो जाए तो माईटनाशकों का छिड़काव करना चाहिए। बागवानों को मित्र कीटों की पहचान के बारे में भी अवगत करवाया गया।

  • स्वाइन फ्लू की चपेट में विधायक रवि ठाकुर, दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती

    स्वाइन फ्लू की चपेट में विधायक रवि ठाकुर, दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती

    HNN/ लाहौल स्पीति

    लाहौल स्पीति के कांग्रेस विधायक रवि ठाकुर स्वाइन फ्लू की चपेट में आने के चलते अस्पताल में भर्ती है। हालांकि उनकी हालत में अभी सुधार है और एक-दो दिन में उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दी जा सकती है। विधायक रवि ठाकुर ने बताया, हाल ही में राजस्थान में आयोजित भारत जोड़ो यात्रा में हमने भी अपने सहयोगियों के साथ शिरकत की थी, लेकिन यात्रा से लौटने के बाद से ही स्वास्थ कुछ ठीक नहीं लग रहा था।

    खासकर पिछले चार दिनों से तबीयत काफी खराब चल रही थी और जब डाक्टरों से अपनी सेहत की जांच करवाई तो पता चला कि मुझे स्वाइन फ्लू हो गया है। लिहाजा डाक्टरों ने मुझे तुरंत दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती किया। चिकित्सकों ने मुझे कुछ दिनों के लिए आइसोलेट रहने और पूरी तरह आराम करने को कहा है। मुझे पूरी उम्मीद है कि मैं जल्द स्वस्थ हो कर नए जोश के साथ आप सभी के बीच लौटूंगा और मिल कर लाहुल स्पीति का विकास करवाएंगे।

  • भूकंप के झटकों से फिर हिली देवभूमि, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता…

    भूकंप के झटकों से फिर हिली देवभूमि, रिक्टर पैमाने पर तीव्रता…

    HNN / लाहौल-स्पीति

    हिमाचल प्रदेश में बुधवार को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। यह भूकंप के झटके आज दोपहर 2 बजकर 25 मिनट पर लाहौल-स्पीति में महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.6 मापी गई।

    इसकी गहराई जमीन से 5 किलोमीटर नीचे थी। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। फिलहाल भूकंप के झटकों से किसी भी प्रकार के जान-माल के नुक्सान की जानकारी नहीं मिली है।

    बता दें कि पिछले कुछ समय से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। इससे पहले चम्बा, किन्नौर व मंडी जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं।

  • केलांग बस अड्डे में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन का कार्य प्रगति पर- उपायुक्त

    केलांग बस अड्डे में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन का कार्य प्रगति पर- उपायुक्त

    HNN/ लाहौल-स्पीति

    प्रदेश सरकार द्वारा हरित ईंधन को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को लाहौल-स्पीति प्रशासन द्वारा जिला के महत्वपूर्ण स्थानों पर इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन पॉलिसी के तहत प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित बनाया जा रहा है। उपायुक्त जिला लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने बताया कि बस स्टैंड केलांग में इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है, इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य लगभग 60 प्रतिशत के करीब कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

    लगभग 20 लाख रुपए की धनराशि के बजट का प्रावधान किया गया है। निर्माणाधीन चार्जिंग स्टेशन में तेज गति प्रदान करने के लिए विद्युत विभाग को जल्द विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए भी निर्देश जारी किए है। उपायुक्त ने यह भी बताया कि हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम केलांग के निर्माणाधीन इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन में व्यवसायिक तौर पर हल्के वाहनों के लिए चार्जिंग पॉइंट की भी अतिरिक्त व्यवस्था के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित बनाई गई है, जिसका प्रस्ताव प्रदेश सरकार को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजा गया है।

    उन्होंने बताया कि उदयपुर में भी इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन के लिए भूमि तलाशी जा रही है। उपायुक्त सुमित खिमटा ने बताया कि काजा में भी स्थानीय प्रशासन द्वारा इलेक्ट्रिक चार्जिंग प्वाइंट एचआरटीसी बस स्टैंड काजा के परिसर में स्थापित किया जाएगा जिसके लिए भूमि चयनित की गई है। प्रस्तावित इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन की प्रदेश सरकार की स्वीकृति के उपरांत सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर जल्द ही इन स्टेशनों का भी निर्माण पूर्ण कर लिया जाएगा।