Category: CHAMBA

  • दो मंजिला मकान चढ़ा आग की भेंट, खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हुए परिवार

    दो मंजिला मकान चढ़ा आग की भेंट, खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हुए परिवार

    HNN/ चंबा

    जनजातीय क्षेत्र पांगी के शुण पंचायत के बिच्वास गांव में भीषण अग्निकांड हुआ है जिसमें दो मंजिला मकान जलकर खाक हो गया है। घर के आग की भेंट चढ़ने से दो परिवार खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर है। हालांकि, अभी तक घर में आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

    उधर, प्रशासन की तरफ से दोनों ही परिवारों को फौरी राहत के तौर पर 10-10 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुण पंचायत के बिच्वास गांव निवासी सुनी राम व मंगल चंद के दो मंजिला मकान से अचानक ही धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया।

    जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए और आग पर काबू पाने में जुट गए। इस दौरान ग्रामीणों ने बर्फ को आग के ऊपर फेंका जिसके चलते आग पर काबू पाया जा सका। अग्निकांड की इस घटना में घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है जिससे पीड़ित परिवार को लाखों का नुक्सान हुआ है।

  • 24 वर्षीय विवाहिता ने निगला जहरीला पदार्थ, मौत

    24 वर्षीय विवाहिता ने निगला जहरीला पदार्थ, मौत

    HNN/ चंबा

    चुराह क्षेत्र के थल्ली में एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला ने यह खौफनाक कदम ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर उठाया है। वही पति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी अनुसार, 24 वर्षीय विवाहिता ढालो पत्नी देश राज गांव सरेला थल्ली तहसील चुराह ने अचानक ही किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। महिला की जब तबियत बिगड़ी तो उसे उपचार के लिए तीसा अस्पताल पहुंचाया गया जहां से महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया परंतु महिला की जान नहीं बच सकी।

    उधर, मृतका के पति देशराज ने पुलिस को दिए बयान में बताया, वह अपनी पत्नी व 4 साल की बेटी के साथ अलग रहता था। लेकिन इसके बाद भी उसके माता-पिता द्वारा उसकी पत्नी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इस प्रताड़ना से तंग आकर उसकी पत्नी ने यह कदम उठाया।

  • चंबा जिला के गद्दी नृत्य को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान

    चंबा जिला के गद्दी नृत्य को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान

    HNN/ चंबा

    उपायुक्त डीसी राणा ने शनिवार को उपायुक्त कार्यालय के परिसर में रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय उत्सव में हिमाचल प्रदेश के गद्दी नृत्य को तीसरा स्थान मिलने पर सरस्वती लोक कला संगम चंबा के कलाकारों को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने सांस्कृतिक दल को बधाई देते हुए कहा कि हिमाचल के लिए बड़ी गौरव की बात है कि चंबा जिला के गद्दी नृत्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

    उन्होंने सांस्कृतिक दल को भविष्य में अपनी प्रतिभा को और निखारने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि तृतीय स्थान पर रहे नृत्य पुरस्कार के रूप में 2 लाख रुपए की धनराशि भी दी गई है। जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने भी चंबा पहुंचने पर सांस्कृतिक दल का प्रोत्साहन बढ़ाया। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक दल में अतुल शर्मा, हिमांशु, रमेश कुमार, कर्म चंद, उत्तम, विनोद, नीरज, विवेक, तिलक, टेकचंद, नरेश, संजय, नीलम, मिनाक्षी, पिंकी, अनीता, रेखा, वंदना कलाकार शामिल रहे।

    गौरतलब है कि रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय उत्सव के तहत आयोजित प्रतियोगिता में फसल कटाई की श्रेणी में छत्तीसगढ़ के ‘करमा नृत्य’ को प्रथम, ओडिशा के ‘ढेंगसा नृत्य’ को दूसरा और हिमाचल प्रदेश के ‘गद्दी नृत्य’ को तीसरा स्थान मिला। प्रतियोगिता में लगभग देश के 52 सांस्कृतिक दलों के प्रतिभागियों ने भाग लिया तथा अपने-अपने क्षेत्र की संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।

  • हिमाचल में भीषण अग्निकांड: कपड़े की दुकान सहित मेडिकल स्टोर जलकर राख, करोड़ों का नुक्सान

    हिमाचल में भीषण अग्निकांड: कपड़े की दुकान सहित मेडिकल स्टोर जलकर राख, करोड़ों का नुक्सान

    HNN/ चंबा

    हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में भीषण अग्निकांड में 3 दुकानें जलकर राख हो गई है। पहले एक दुकान में आग लगी और देखते ही देखते अन्य दुकानें भी चपेट में आने से राख के ढेर में तब्दील हो गई। सुबह 4:00 बजे के करीब पेश आए इस अग्निकांड में चारों दुकानों का सामान जलकर राख हो गया है जिससे करोड़ों का नुक्सान हुआ है।

    हालांकि, अभी तक आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की गहनता से जांच पड़ताल में जुटी हुई है। जानकारी अनुसार, चंबा के साहो बाजार में सुबह चार बजे के करीब दुकानों में आग लग गई जिससे नरेश महाजन पुत्र जगदीश महाजन निवासी साहो की तीन दुकानें जलकर खाक हो गई।

    इतना ही नहीं आग लगने से अन्य दुकानों को भी नुक्सान पहुंचा है। डीएसपी हेडक्‍वार्टर चंबा अजय कपूर ने कहा कि आग लगने से कपड़ों की दुकानों सहित मेडिकल स्‍टोर को नुक्सान हुआ है। बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था।

  • जंगल में लकड़ियां लेने गई महिला पर भालू ने किया हमला, बुरी तरह घायल

    जंगल में लकड़ियां लेने गई महिला पर भालू ने किया हमला, बुरी तरह घायल

    HNN/ चंबा

    जिला चंबा में भालू के आतंक से लोग बुरी तरह से सहमे हुए हैं। भालू आए दिन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। अब एक बार फिर भालू ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया है। भालू के हमले से महिला की टांग और बाजू में गंभीर चोट लगी है जिसका उपचार मेडिकल काॅलेज चम्बा में चल रहा है।

    मामला विकास खंड चम्बा की जडेरा पंचायत का है। यहाँ हिना पत्नी लतीफ निवासी गांव चमीनू डाकघर व पंचायत जडेरा पर भालू ने उस वक्त हमला किया जब वह जंगल में लकड़ियां इकट्ठी कर रही थी। इस दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे भालू ने महिला पर अचानक ही हमला बोल दिया।

    भालू के हमला किए जाने से महिला भी बुरी तरह से घबरा गई और उसने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे तो भालू भी वहां से भाग निकला। वही लगातार बढ़ रहे भालू के हमले से लोग खासे डरे हुए हैं।

    उधर, डीएफओ चम्बा अमित शर्मा ने बताया कि भालू के हमले से घायल महिला को फौरी राहत प्रदान की जाएगी।

  • राष्ट्रीय लोक अदालत में परिवहन विभाग द्वारा प्रस्तुत किए जाएंगे लंबित कर व चालान के मामले

    राष्ट्रीय लोक अदालत में परिवहन विभाग द्वारा प्रस्तुत किए जाएंगे लंबित कर व चालान के मामले

    HNN/ चंबा

    राष्ट्रीय लोक अदालत में परिवहन विभाग द्वारा भी मामले प्रस्तुत किए जाएंगे। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी चम्बा ओंकार सिंह ने कहा कि वाहन चालकों व मालिकों के लंबे समय से लंबित वाहन कर और चालान से संबंधित मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा। विभाग की ओर से संबंधित वाहन चालक व मालिक को मोबाइल फोन पर मैसेज के माध्यम से सूचित किया जा रहा है। जिन व्यक्तियों के मोबाइल नंबर अपडेट नहीं हैं उनसे व्यक्तिगत संपर्क भी किया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि 27 नवंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला एवं सत्र न्यायालय चम्बा में किया जाएगा। वाहन चालक व मालिक द्वारा लोक अदालत से पूर्व भी अपने चालान अथवा लंबित कर का भुगतान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के कार्यालय में पहुंचकर किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी चम्बा कार्यालय के दूरभाष नंबर 01899-224131 पर संपर्क करें।

  • अवैध खनन में जुटे तीन ट्रैक्टर और एक टिपर को विभाग ने किया जब्त, वसूला जुर्माना

    अवैध खनन में जुटे तीन ट्रैक्टर और एक टिपर को विभाग ने किया जब्त, वसूला जुर्माना

    HNN / चंबा

    चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर इन दिनों अवैध खनन की शिकायतें विभाग को मिल रही थी। जिसके चलते विभाग ने वीरवार को रावी नदी में दबिश देकर तीन ट्रैक्टरों और एक टिपर को मौके पर पकड़ा। इस दौरान खनन विभाग ने इनके मालिकों से 90000 रूपये जुर्माना वसूला।

    दरअसल, विभाग ने वीरवार को रावी नदी में जैसे ही दबिश दी, उन्होंने देखा कि वहां जेसीबी, तीन ट्रैक्टरों और एक टिपर अवैध खनन में जुटे हुए थे। विभाग को रावी तट की ओर आता देख खनन कारी और जेसीबी चालक मौके से फरार हो गया। जैसे ही और वाहन चालक वाहन लेकर वहां से भागने लगे, विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए चार वाहनों को मौके पर पकड़ लिया और उनका मौके पर चालान काटा।

    इस दौरान वाहन मालिकों को विभाग ने कड़ी हिदायत दी कि यदि वह दोबारा अवैध खनन करने में अपने वाहनों का इस्तेमाल करेंगे तो उनके वाहनों को जब्त तो किया जायेगा, साथ ही उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। ‌

  • जवाहर नवोदय विद्यालय में चित्रकला प्रशिक्षण के लिए मासिक कार्यशाला आरंभ- देवेश नारायण

    जवाहर नवोदय विद्यालय में चित्रकला प्रशिक्षण के लिए मासिक कार्यशाला आरंभ- देवेश नारायण

    40 विद्यार्थी ले रहे भाग, चित्रकला के सीखेंगे गुर

    HNN / चंबा

    जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल के प्रधानाचार्य देवेश नारायण ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में मासिक चित्रकला प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया है। इस कार्यशाला में कक्षा छठी से लेकर 11वीं तक के 40 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि मासिक कार्यशाला में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की चित्रकला का प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जाएगा। विद्यार्थी कार्यशाला संपूर्ण होने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली चित्रकला कार्यशाला में भाग लेंगे।

    उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में विभिन्न प्रकार की बहु -आयामी गतिविधियों का समय-समय पर आयोजन किया जाता है। इस कार्यशाला में कला शिक्षिका हंसिका विद्यार्थियों को चित्रकला की बारीकियों से अवगत करवा रही हैं। विद्यालय के उपप्राचार्य विनोद त्रिपाठी कार्यशाला के दौरान बच्चों को आवश्यक जानकारी प्रदान कर रहे हैं।

    उन्होंने बताया कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में अगर बच्चों में सीखने की भावना होगी तो वह कला के हुनर को बखूबी निखार सकेंगे। इसके अतिरिक्त रविंद्र कुमार व भरत भूषण ने भी कार्यशाला को लेकर अपने विचार विमर्श किए। कार्यशाला में कला विशेषज्ञ परीक्षित शर्मा व साहिल बच्चों को पहाड़ी पेंटिंग के गुर सिखाएंगे।

  • इस बार हिमाचल के इस जिला में खेतो में लहलहाएगी उत्तराखंड की गेहूं

    इस बार हिमाचल के इस जिला में खेतो में लहलहाएगी उत्तराखंड की गेहूं

    HNN / चंबा

    जिला चंबा में इस बार उत्तराखंड की गेहूं चंबा के किसानों के खेतों में लहराएगी। जी हां इस बार जिला में पौष्टिक तत्वों से भरपूर उत्तराखंड के गेहूं का 1186 क्विंटल बीज चंबा पहुंचा है। यहां किसानों ने 17.69 रुपए की दर से यह बीज खरीदा। गौरतलब है कि गेहूं की बिजाई के लिए नवंबर मध्य से लेकर दिसंबर मध्य तक का समय अनुकूल माना जाता है।

    वहीं, जिला में 70 फीसदी भू-भाग में किसान खेतीबाड़ी कर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। किसानों को समयानुसार विभिन्न फसलों संबंधी बीज उपलब्ध करवाने के लिए कृषि विभाग भी प्रयासरत है। इसी क्रम में इस मर्तबा विभाग की ओर से गेहूं बीज की 1786 क्विंटल की डिमांड विभाग को भेजी गई। जिसमें सबसे अधिक चंबा, भटियात, सलूणी और तीसा की रही।

    डिमांड के अनुसार विभाग के पास के पास 1186 क्विंटल उत्तराखंड और 800 क्विंटल ऊना और सोलन से गेहूं की बीज पहुंचा है। किसानों को लिए उपलब्ध 1786 क्विंटल गेहूं का बीज 3317 रुपये के हिसाब से बिक्री होगा। जिस पर किसानों को 1600 रुपये की सब्सिडी रहेगी। बारिश के बाद अब किसान भी अपने खेतों में गेहूं बिजाई के कार्य में जुटने वाले हैं।

  • जनजातीय गौरव दिवस समारोह के दूसरे दिन पांगी में विभिन्न गतिविधियां आयोजित

    जनजातीय गौरव दिवस समारोह के दूसरे दिन पांगी में विभिन्न गतिविधियां आयोजित

    HNN / चंबा

    जनजातीय गौरव दिवस के दूसरे दिन उपमंडल पांगी के महाविद्यालय किलाड़ में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आवासीय आयुक्त पांगी अजय कुमार यादव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आवासीय आयुक्त अजय कुमार यादव ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष पर राजकीय महाविद्यालय , एकलव्य आवासीय विद्यालय किलाड और राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला किलाड़ के विद्यार्थियों ने जनजाति संस्कृति पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

    जनजाति संस्कृति पर निबंध लेखन भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसके अतिरिक्त अध्यापकों द्वारा जनजातीय क्षेत्र की जीवन शैली को प्रेजेंटेशन के माध्यम से दर्शाया गया। उन्होंने कहा कि जनजाति संस्कृति के संवर्धन के लिए युवा पीढ़ी का योगदान बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में जनजातीय संस्कृति को संजोए रखने के लिए संग्रहालय खोलने का भी प्रयास किया जाएगा।

    उन्होंने विद्यार्थियों से भी आह्वान किया कि अधिक से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लें और अपनी संस्कृति को उजागर करने में अपनी भूमिका निभाएं।