Category: SOLAN

  • सोलन में अनियंत्रित बाइक गहरी खाई में गिरी, युवक की मौके पर मौत

    सोलन में अनियंत्रित बाइक गहरी खाई में गिरी, युवक की मौके पर मौत

    सोलन के गंभर पुल क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक ने दम तोड़ दिया। बाइक गहरी खाई में गिरने से युवक को गंभीर चोटें आईं, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    सोलन

    अनियंत्रित बाइक गहराई में गई, बचाव में देर
    जानकारी के अनुसार युवक अपनी बाइक पर सवार होकर जा रहा था, तभी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे से गहरी खाई में जा गिरा। जोरदार आवाज सुनते ही स्थानीय लोग सहायता के लिए पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू चलाया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

    पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
    पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। क्षेत्र में हुई इस दुखद घटना से स्थानीय लोगों में शोक व्याप्त है।

  • बद्दी में 03 दिसंबर को 110 पदों पर कैंपस इंटरव्यू, युवा करें आवेदन

    बद्दी में 03 दिसंबर को 110 पदों पर कैंपस इंटरव्यू, युवा करें आवेदन

    बद्दी में 03 दिसंबर को 110 पदों पर कैंपस इंटरव्यू : 03 दिसंबर को मॉडल करियर सेंटर उप-रोजगार कार्यालय बद्दी में तीन कंपनियों के लिए कुल 110 पदों पर सीधी भर्ती होगी। उम्मीदवार अपने दस्तावेजों सहित निर्धारित समय पर इंटरव्यू के लिए उपस्थित हो सकेंगे।

    सोलन

    03 दिसंबर को तीन कंपनियों के लिए चयन प्रक्रिया
    ज़िला रोजगार अधिकारी जगदीश कुमार ने बताया कि मैसर्ज़ पिनैकल लाइफ़ साइंस प्रा. लि. बद्दी में सीनियर ऑफिसर/एग्जीक्यूटिव के 10 पद, मैसर्ज़ एम्फोर्स ऑटोटेक प्रा. लि. बद्दी में 94 ऑपरेटर पद तथा मैसर्ज़ हिंदुस्तान फ़ूड्स लिमिटेड बद्दी में ऑफिसर व एग्जीक्यूटिव के 6 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जा रहा है। यह भर्ती 03 दिसंबर, 2025 को मॉडल करियर सेंटर उप-रोजगार कार्यालय बद्दी (निकट गुरुद्वारा संडोली) में होगी।

    योग्यता और आयु सीमा निर्धारित
    उम्मीदवारों के लिए शैक्षणिक योग्यता में आईटीआई टर्नर, मशीनिस्ट, मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल डिप्लोमा या डिग्री, बी.फार्मा, बी.एस.सी. (नॉन मेडिकल), एम.एस.सी. केमिस्ट्री, ग्रेजुएशन, पैकेजिंग साइंस डिप्लोमा तथा हेल्थ एंड सेफ्टी डिप्लोमा शामिल हैं। आयु 19 से 35 वर्ष के बीच होनी आवश्यक है। उम्मीदवार सभी प्रमाणपत्रों व दस्तावेजों के साथ सुबह 10:30 बजे इंटरव्यू में पहुंचें। यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

    ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
    इच्छुक आवेदकों के लिए रोजगार कार्यालय में नाम पंजीकृत होना आवश्यक है। उम्मीदवार विभागीय पोर्टल EEMIS पर उम्मीदवार लॉगिन ( Candidate Login ) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संपर्क नंबर 98726-40412 व 98169-28706 उपलब्ध हैं।

  • सेंट मेरी स्कूल कसौली: 75 बच्चों ने पास की कराटे ग्रेडिंग परीक्षा​

    सेंट मेरी स्कूल कसौली: 75 बच्चों ने पास की कराटे ग्रेडिंग परीक्षा​

    🏅 कड़ी मेहनत रंग लाई, नन्हें खिलाड़ियों ने हासिल की येलो से पर्पल बेल्ट

    ​सोलन।

    सेंट मेरी स्कूल कसौली में रविवार को रेनबूकाई कराटे-डू दरुमा जुकू इंडिया के बैनर तले सालाना कराटे बेल्ट ग्रेडिंग का सफल आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण परीक्षा में स्कूल के कुल 75 छात्रों ने हिस्सा लिया और कराटे की विभिन्न श्रेणियों में अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

    ​कराटे ग्रेडिंग का नेतृत्व रेनबूकाई कराटे इंडिया के चीफ सेंसई सुबोध धीमान ने किया, जबकि संजीव कराटे यूनिट के सेंसई संजीव ठाकुर भी इस दौरान मौजूद रहे। कोच अनिल सकलानी और राजेश कालिया ने बताया कि इस परीक्षा को लेकर बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।​

    करीब दो घंटे चली इस ग्रेडिंग में बच्चों ने बेसिक तकनीक, काता (फ़ॉर्म) और कुमिते (स्पारिंग) में अपनी फुर्ती, संतुलन और तकनीकों का बेहतरीन प्रदर्शन किया। अपनी कड़ी मेहनत और प्रदर्शन के बल पर 75 बच्चों ने सफलतापूर्वक अपनी अगली बेल्ट हासिल की।​​ग्रेडिंग के परिणाम में 33 बच्चों को येलो बेल्ट, 32 बच्चों को ऑरेंज बेल्ट मिली।

    इसके अलावा, 6 छात्रों ने ब्लू बेल्ट, 4 छात्रों ने ग्रीन बेल्ट, जबकि 2 नन्हें खिलाड़ियों ने पर्पल बेल्ट प्राप्त की।​बच्चों को संबोधित करते हुए चीफ सेंसई सुबोध धीमान ने कहा कि फिट रहना ही जीवन में सफलता की पहली शर्त है।

    उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि वे अपने प्रशिक्षण को हमेशा समर्पण, विनम्रता और दृढ़ता के साथ पूरा करें। उन्होंने कहा कि चुनौतियों को रुकावट नहीं, बल्कि विकास के अवसर समझना चाहिए।

    धीमान ने ज़ोर दिया कि यही अनुशासन उन्हें न केवल कराटे में, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में मजबूत बनाएगा।​सेंसई संजीव ठाकुर ने कहा कि इन नन्हें खिलाड़ियों ने खूब पसीना बहाया और अपनी मेहनत से सभी को प्रभावित किया है।

    उन्होंने विश्वास जताया कि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से ये बच्चे भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।​इस कार्यक्रम में स्कूल की वाइस प्रिंसिपल सिस्टर मेरली थॉमस, डीपी अमरदीप, और शिक्षिका लता ठाकुर भी बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए उपस्थित रहीं।

  • ​🏆 विक्की बने सोलनाइट स्नूकर किंग! फाइनल में धर्मेंद्र डडवाल को दी शिकस्त​

    ​🏆 विक्की बने सोलनाइट स्नूकर किंग! फाइनल में धर्मेंद्र डडवाल को दी शिकस्त​

    🤝 पत्रकार संघ। के खिलाड़ियों ने बढ़ाया मान, स्नूकर एसोसिएशन को सक्रिय करने पर दिया जोर

    सोलन

    सोलन के स्नूकर प्रेमियों के बीच रविवार रात उत्साह का माहौल रहा, जब सोलनाइट स्नूकर अकादमी में आयोजित अमेच्योर स्नूकर टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला खेला गया। बेस्ट ऑफ-7 फ्रेम के इस रोमांचक फाइनल में विक्की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए धर्मेंद्र डडवाल को हराकर खिताब जीत लिया।

    ​खिताब जीतने के साथ ही विक्की ने 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार और चमचमाती ट्रॉफी पर कब्ज़ा किया, जबकि उपविजेता रहे धर्मेंद्र डडवाल को भी 4,000 रुपये के कैश प्राइज से सम्मानित किया गया।

    ​पुरस्कार वितरण समारोह में जिला सोलन पत्रकार संघ के प्रधान पुनीत वर्मा व सोलन डिस्टिलरी के ओनर अभिजॉय घोष ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। जिला सोलन संघ के महासचिव अश्वनी शर्मा स्पेशल गेस्ट और हिमाचल दस्तक के चीफ मार्केटिंग मैनेजर वेद आर्य गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में मौजूद रहे।मुख्य अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।​

    अध्यक्ष ने उठाया टैलेंट का मुद्दा

    ​इस अवसर पर पत्रकार संघ के अध्यक्ष पुनीत वर्मा ने खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि​”सोलनाइट स्नूकर टूर्नामेंट की सफलता यह साबित करती है कि सोलन में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

    स्नूकर जैसे एकाग्रता वाले खेल में हमारे खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन करना गर्व का विषय है। मैं विशेष रूप से धर्मेंद्र डडवाल को फाइनल तक पहुंचने पर बधाई देता हूँ, जिन्होंने प्रेस क्लब का मान बढ़ाया।

    उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि निष्क्रिय पड़ी जिला बिलियर्ड व स्नूकर एसोसिएशन को जल्द से जल्द सक्रिय किया जाए। केवल प्लेटफार्म की कमी के कारण हमारा टैलेंट ज़ाया नहीं होना चाहिए।

    हम प्रशासन से अपील करते हैं कि खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि सोलन से भी भविष्य के पंकज आडवाणी और रॉनी ओ’सुलिवन निकल सकें।

    “​टूर्नामेंट के आयोजक करण शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 50 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि पहली बार जिला सोलन प्रेस क्लब के दो खिलाड़ियों ने भी टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन कर क्लब का नाम रोशन किया।

    संघ के प्रधान पुनीत वर्मा और महासचिव अश्वनी शर्मा ने फाइनल तक पहुँचने वाले सदस्य धर्मेंद्र डडवाल को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए 2100 रूपये नगद का सम्मान स्वरूप पुरस्कार भी प्रदान किया।

    करण शर्मा ने कहा कि यह टूर्नामेंट प्रीमियम इंग्लिश मानक वाली टेबलों पर पूरी तरह स्पोर्ट्समैन स्पिरिट के साथ खेला गया, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना था।​इस अवसर पर सुमित, गुन्नू, मोहित, इंद्र सूरी, मनीष मेहता, विकास, जीतू समेत कई स्नूकर प्रेमी मौजूद रहे।

  • नौणी विश्वविद्यालय में 23 नवंबर को मेगा विधिक साक्षरता शिविर, आमजन से लेकर युवाओं तक को विधिक अधिकारों की जानकारी दी जाएगी

    नौणी विश्वविद्यालय में 23 नवंबर को मेगा विधिक साक्षरता शिविर, आमजन से लेकर युवाओं तक को विधिक अधिकारों की जानकारी दी जाएगी

    सोलन जिले में 23 नवंबर को आयोजित मेगा विधिक साक्षरता शिविर में न्यायाधीशों व विशेषज्ञों द्वारा आमजन को विभिन्न कानूनी विषयों पर जागरूक किया जाएगा। शिविर में नशा मुक्त समाज, पर्यावरण संरक्षण और आपदा पुनर्वास जैसे विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।

    सोलन

    नौणी विश्वविद्यालय में मेगा विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन
    अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभय मंडयाल ने बताया कि 23 नवंबर को डॉ. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में मेगा विधिक साक्षरता शिविर आयोजित होगा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश भी उपस्थित रहेंगे। शिविर का उद्देश्य आमजन, युवाओं, छात्रों, स्वयंसेवी संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्वयं सहायता समूहों को कानूनी अधिकारों की सारगर्भित जानकारी प्रदान करना है।

    नशा मुक्त समाज, पर्यावरण संरक्षण और पुनर्वास पर कानूनी जागरूकता
    अभय मंडयाल ने बताया कि शिविर में नशा मुक्त समाज-भारत का संकल्प, पर्यावरण संरक्षण-भूमंडल रक्षण और आपदा पीड़ित पुनर्वास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतिभागियों को विधिक रूप से जागरूक किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाने की व्यवस्था की गई है।

    शिविर के लिए पंजीकरण सुबह 9:30 बजे से शुरू
    जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव आकांक्षा डोगरा ने बताया कि शिविर का पंजीकरण सुबह 9:30 बजे से आरंभ होगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। शिविर में रक्तदान शिविर भी आयोजित होगा तथा विभागों और स्थानीय संस्थाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए हैं।

  • सनवारा शराब ठेके के पास संदिग्ध हालात में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस ने जांच तेज की

    सनवारा शराब ठेके के पास संदिग्ध हालात में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस ने जांच तेज की

    प्रातः मिले शव की सूचना पर धर्मपुर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान का प्रयास किया गया, लेकिन आसपास मौजूद किसी भी व्यक्ति ने उसे नहीं पहचाना। मृतक के शरीर पर चोट या संघर्ष के कोई निशान नहीं पाए गए, जिससे मौत के कारणों पर संदेह बरकरार है।

    धर्मपुर

    पुलिस को पहचान नहीं मिली, शव पोस्टमार्टम के लिए सुल्तानपुर भेजा

    धर्मपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि सनवारा स्थित शराब ठेके के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। टीम मौके पर पहुंची, जहां पंचायत प्रधान सहित स्थानीय लोग भी मौजूद थे। मौके पर किए गए निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट, खरोंच या संघर्ष के निशान नहीं मिले। उसके पास से कोई पहचान पत्र भी बरामद नहीं हुआ, जिससे पहचान की प्रक्रिया कठिन हो गई है।

    पुलिस ने मृतक के फोटोग्राफ्स आसपास के ढाबों, होटलों व स्थानीय कामगारों को दिखाए, लेकिन कोई पहचान नहीं हुई। प्राथमिक जांच में आशंका है कि व्यक्ति की मौत बीमारी या ठंड के कारण हो सकती है। शव को पोस्टमार्टम एवं शिनाख्त हेतु एमएमयू सुल्तानपुर भेज दिया गया है। मामले को धारा 194 बीएनएसएस 2023 के तहत दर्ज कर आगामी जांच जारी है।

  • सोलन पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टीगेशन यूनिट ने एक छात्र को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया

    सोलन पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टीगेशन यूनिट ने एक छात्र को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया

    सोलन पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टीगेशन यूनिट ने निजी विश्वविद्यालय के एक छात्र को चिट्टे के साथ दबोचते हुए शिक्षण संस्थानों में फैले नशा नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। आरोपी के कमरे से 7.39 ग्राम चिट्टा बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुट गई है।

    सोलन

    गुप्त सूचना पर दबिश, कमरे से बरामद हुआ चिट्टा
    एसपी गौरव सिंह ने बताया कि एसआईयू टीम शहर में गश्त के दौरान सक्रिय थी, तभी टीम को विश्वसनीय सूचना मिली कि एक युवक ओछघाट जीरो प्वाइंट के पास किराए के कमरे में छात्रों को नशा सप्लाई कर रहा है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवक के कमरे पर दबिश दी और तलाशी के दौरान 7.39 ग्राम चिट्टा बरामद किया।

    बीबीए छात्र गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी
    आरोपी की पहचान अंश अरोड़ा (22) पुत्र पवन अरोड़ा, निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। वह निजी विश्वविद्यालय में बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र है और उसी दौरान नशा सप्लाई चेन से जुड़ा हुआ था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा कहां से आता था, कौन लोग इसमें शामिल हैं और आरोपी का पूर्व रिकॉर्ड क्या है।

    एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा
    आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।

  • उपायुक्त ने शांति निकेतन चिल्ड्रन होम सुबाथू के बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए किया सम्मानित

    उपायुक्त ने शांति निकेतन चिल्ड्रन होम सुबाथू के बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए किया सम्मानित

    बाल दिवस के अवसर पर उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने शिमला में आयोजित ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट स्पोर्ट्स एंड मीट–2025’ में शानदार प्रदर्शन करने वाले शांति निकेतन चिल्ड्रन होम सुबाथू के बच्चों को सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में प्रदेश और देश के लिए ऊंचाइयां हासिल करने का आशीर्वाद दिया।

    सोलन

    डीसी ने खेलों के महत्व पर दिया जोर
    उपायुक्त ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक एकाग्रता, अनुशासन, टीम-वर्क और नेतृत्व कौशल जैसे महत्वपूर्ण गुण भी विकसित करते हैं। उन्होंने बच्चों से खेल को केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन के लिए महत्वपूर्ण सीख के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

    मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना की जानकारी भी दी
    मनमोहन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के तहत प्रदेश सरकार ने 6000 बेसहारा बच्चों को अभिभावक के रूप में अपनाया है और उनके 27 वर्ष की आयु तक पूर्ण देखभाल और सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

    विभिन्न श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन
    ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट स्पोर्ट्स एंड कल्चरल मीट–2025’ में शांति निकेतन चिल्ड्रन होम सुबाथू यूनिट-1 की वरिष्ठ वर्ग टीम रस्सा-कशी में विजेता और कबड्डी में उपविजेता रही। नवराज सुनार ने 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान पाया।

    यूनिट-1 की कनिष्ठ टीम रस्सा-कशी में विजेता, समूह गान में तृतीय और 100 मीटर दौड़ में विजेता रही।

    यूनिट-2 के वरिष्ठ वर्ग में 100 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया गया, जबकि यूनिट-2 की कनिष्ठ टीम कबड्डी में उपविजेता और समूह गान में तृतीय रही।

  • सोलन / डॉ. धनीराम शांडिल 17 नवंबर को सोलन पहुंचेंगे राजकीय महाविद्यालय सोलन के समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

    सोलन / डॉ. धनीराम शांडिल 17 नवंबर को सोलन पहुंचेंगे राजकीय महाविद्यालय सोलन के समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

    स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल 17 नवंबर 2025 को सोलन के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह राजकीय महाविद्यालय सोलन में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

    सोलन

    11.30 बजे राजकीय महाविद्यालय सोलन में होंगे उपस्थित
    कार्यक्रमानुसार डॉ. शांडिल सुबह 11.30 बजे राजकीय महाविद्यालय सोलन पहुंचेंगे। यहां आयोजित समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे और कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों से मुलाकात भी करेंगे।

  • सोलन / बघाट बैंक लोन डिफॉल्ट केस में फर्म का गारंटर गिरफ्तार , 3.49 करोड़ रुपये की देनदारी बकाया

    सोलन / बघाट बैंक लोन डिफॉल्ट केस में फर्म का गारंटर गिरफ्तार , 3.49 करोड़ रुपये की देनदारी बकाया

    सोलन / बघाट बैंक लोन डिफॉल्ट केस में पुलिस ने बैंक से लिए गए करोड़ों रुपये के ऋण की अदायगी न होने पर फर्म के गारंटर को गिरफ्तार किया है। अदालत की ओर से बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद पेश न होने पर यह कार्रवाई की गई।

    सोलन

    कोर्ट के गिरफ्तारी वारंट पर पुलिस ने की कार्रवाई
    सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं सोलन की अदालत ने 25 अक्टूबर को राजेश कुमार निवासी सतोग के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। राजेश कुमार फर्म एमएस सोलन हाईवेज का गारंटर था, जिसने बघाट बैंक से करोड़ों रुपये का ऋण लिया था।

    फर्म पर 3.49 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी
    फर्म ने निर्धारित समय में ऋण वापस नहीं किया, जिसके चलते उसे डिफॉल्टर घोषित किया गया। ब्याज सहित देनदारी 3,49,26,957 रुपये तक पहुंच गई है। मामले की सुनवाई सहकारी सभाएं सोलन की अदालत में चल रही है।

    नोटिस के बावजूद गारंटर पेश नहीं हुआ
    कोर्ट ने राजेश कुमार को पेश होने के लिए कई बार नोटिस भेजे, लेकिन वह अदालत में उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद सोलन पुलिस ने उसे ठियोग क्षेत्र स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया।

    डिफॉल्टरों में 11 की गिरफ्तारी हो चुकी
    बघाट बैंक ने कुल 22 लोगों को डिफॉल्टर घोषित किया है। इनमें से 11 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।