राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चकसराय में नई एसएमसी का गठन, कुलदीप कुमार (गोगा) सर्वसम्मति से बने अध्यक्ष
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चकसराय में वर्ष 2026-28 के लिए नई स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) का सर्वसम्मति से गठन किया गया। समिति के अध्यक्ष के रूप में कुलदीप कुमार (गोगा) तथा उपाध्यक्ष के रूप में स्वर्णा देवी का चयन किया गया। बैठक में विद्यालय के विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता और विद्यार्थियों के हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उपमंडल अंब के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चकसरांय में सोमवार को वर्ष 2026-28 के लिए स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन हेतु अभिभावकों की आम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य तिलक राज ने की। बैठक की सूचना पूर्व में सभी अभिभावकों को दी गई थी, जिसके चलते बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।बैठक के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विद्यालय के विकास में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के उपरांत सर्वसम्मति से नई स्कूल प्रबंधन समिति का गठन किया गया।
नई समिति में कुलदीप कुमार (गोगा) को सर्वसम्मति से अध्यक्ष तथा स्वर्णा देवी को उपाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा समिति के अन्य सदस्यों का भी सर्वसम्मति से चयन किया गया।नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुलदीप कुमार (गोगा) ने सभी अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह समिति के सभी सदस्यों के सहयोग से विद्यालय के विकास, विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार तथा प्रत्येक छात्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उपाध्यक्ष स्वर्णा देवी ने भी विद्यालय हित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेते हुए कहा कि समिति विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और विद्यालय की प्रगति के लिए सदैव समर्पित रहेगी।बैठक के अंत में प्रधानाचार्य तिलक राज एवं विद्यालय के समस्त अध्यापकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और समिति के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई एसएमसी विद्यालय के विकास कार्यों को नई गति प्रदान करने के साथ-साथ विद्यार्थियों के हित में प्रभावी एवं सकारात्मक भूमिका निभाएगी।