चलोला स्कूल की बैठक में शिक्षा गुणवत्ता और समयबद्ध विभागीय कार्यों पर जोर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चलोला में शनिवार को कॉम्प्लेक्स विद्यालयों के मुख्याध्यापकों और शिक्षकों की बैठक हुई। प्रधानाचार्य अशोक कुमार बैंस की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने, विभागीय कार्य समय पर पूरा करने, यू-डाइस के आंकड़े अपडेट करने और सरकारी अनुदानों का निर्धारित अवधि में उचित उपयोग सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
बैठक में प्रशस्त ऐप पर निर्धारित गतिविधियों को समय पर पूरा करने और यू-डाइस के आंकड़ों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही एसएनए और समग्र शिक्षा के अंतर्गत प्राप्त विभिन्न अनुदानों का निर्धारित समय सीमा में नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। विद्यालय प्रमुखों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने, शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने तथा विद्यालयों के समग्र विकास को गति देने से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया।
प्रधानाचार्य अशोक कुमार बैंस ने सभी विद्यालय प्रमुखों और शिक्षकों से विभागीय दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने तथा आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी अनुदानों का उपयोग पारदर्शी तरीके से और तय उद्देश्यों के अनुरूप किया जाना चाहिए, ताकि इसका लाभ विद्यालयों एवं विद्यार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। उन्होंने बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमताओं के विकास के लिए आपसी समन्वय, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करने पर बल दिया।
बैठक में इन शिक्षकों ने लिया भाग
बैठक में राजकीय उच्च पाठशाला नारी के मुख्याध्यापक हरपाल सिंह, राजकीय माध्यमिक पाठशाला बडसाला की मुख्याध्यापिका रमा रानी, राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला नारी के केंद्रीय मुख्य शिक्षक अनिल कुमार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय चलोला की मुख्याध्यापिका सुरेश कुमारी और राजकीय प्राथमिक पाठशाला लोअर चलोला की मुख्याध्यापिका सुनैना उपस्थित रहीं। इनके अलावा राजकीय प्राथमिक पाठशाला लोअर नारी के सुनील कुमार, राजकीय प्राथमिक पाठशाला बडसाला के सुरेंद्र कुमार, स्थानीय विद्यालय की उपप्रधानाचार्य कमलेश कुमारी तथा मंजू कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने भी बैठक में भाग लिया।