शाहपुर दशहरा उत्सव-2026 का भव्य आगाज, पूजा-अर्चना के बाद निकली शोभा यात्रा
शाहपुर में जिला स्तरीय दशहरा उत्सव-2026 का शनिवार को रामेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और भव्य शोभा यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

शाहपुर
उत्सव की शुरुआत रामेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई, जहां क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई। इसके बाद एसडीएम कार्यालय शाहपुर से शोभा यात्रा निकाली गई, जो 39 मील स्थित दशहरा मैदान तक पहुंची। धार्मिक आस्था और पारंपरिक संस्कृति से सजी इस यात्रा के साथ दशहरा उत्सव के कार्यक्रमों का विधिवत आगाज हुआ। स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ इसमें भाग लेकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

शोभा यात्रा में स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए। स्थानीय महिला एवं पुरुष पारंपरिक वेशभूषा और पगड़ी पहनकर यात्रा में पहुंचे। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष आकर्षण दिया। शोभा यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव का वातावरण रहा और धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।