मुकेश अंबानी के नाम से फर्जी निवेश विज्ञापन, सेवानिवृत्त कर्नल से 1.93 करोड़ की ठगी
पालमपुर के 81 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्नल से साइबर ठगों ने मुकेश अंबानी के नाम पर निवेश का फर्जी विज्ञापन दिखाकर 1.93 करोड़ रुपये ठग लिए। आरोपियों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर उनसे विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा करवाई और ऑनलाइन बैठक के दौरान उनके लैपटॉप को नियंत्रित कर कथित निवेश खाते में फर्जी मुनाफा भी दिखाया। पीड़ित ने साइबर अपराध पुलिस थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई है।
पालमपुर
शिकायत के अनुसार, सेवानिवृत्त कर्नल ने छह-सात सितंबर को यूट्यूब पर निवेश से जुड़ा एक विज्ञापन देखा था। इसमें उद्योगपति मुकेश अंबानी निवेश संबंधी जानकारी देते नजर आ रहे थे। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उनका संपर्क स्पोवा नाम के कथित निवेश मंच के प्रतिनिधियों से हुआ। इसी क्रम में ब्रिटेन के मोबाइल नंबर से संपर्क करने वाले एक व्यक्ति ने अपना नाम शिजवान बताया।
कथित प्रतिनिधियों ने बुजुर्ग को निवेश पर मोटा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया और बैंक खातों में रकम जमा करवाते रहे। ऑनलाइन बैठक के दौरान आरोपियों ने उनके लैपटॉप का नियंत्रण अपने हाथ में लेकर फर्जी निवेश खाते में लाभ की राशि दिखाई। बाद में ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने धर्मशाला स्थित साइबर अपराध पुलिस थाने में मामले की शिकायत दी।