Loading...

उपायुक्त ने रंग महल, अखंड चंडी पैलेस और श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में मरम्मत कार्यों की समीक्षा की

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने चंबा के ऐतिहासिक रंग महल, अखंड चंडी पैलेस और श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर का निरीक्षण कर चल रहे रखरखाव एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों को चिन्हित कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा मंदिर परिसर में संरक्षण से जुड़े कार्य भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के सहयोग से कराने के निर्देश दिए गए।

चंबा

ऐतिहासिक स्थलों पर चल रहे कार्यों का लिया जायजा

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सोमवार को ऐतिहासिक रंग महल, अखंड चंडी पैलेस तथा श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर का दौरा कर विभिन्न मरम्मत, रखरखाव और सौंदर्यकरण कार्यों का निरीक्षण किया। रंग महल में निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने अखंड चंडी पैलेस स्थित जिला पुस्तकालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और हाल ही में किए गए रखरखाव कार्यों की समीक्षा की।

जिला पुस्तकालय में सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुस्तकालय परिसर में शौचालयों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जिला पुस्तकालय प्रभारी को कंप्यूटर लैब को कार्यशील बनाने तथा पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों की सूची तैयार कर विभिन्न विभागों को उपलब्ध कराने को कहा। विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित आवश्यक पुस्तकों की सूची तैयार कर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) चंबा को सौंपने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि प्राप्त सूची के अनुसार पुस्तकालय में आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

मंदिर परिसर में 11 मरम्मत कार्य चिन्हित

उपायुक्त ने श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में लगभग 11 मरम्मत कार्य चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

संरक्षण कार्यों में एएसआई का लिया जाएगा सहयोग

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर के कुछ हिस्सों में संरक्षण संबंधी कार्यों की आवश्यकता सामने आई है। चूंकि यह ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण से जुड़ा विषय है, इसलिए ऐसे कार्य भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के सहयोग से कराए जाएंगे। उन्होंने जिलावासियों से अखंड चंडी पैलेस और श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की। निरीक्षण के दौरान उपमंडलाधिकारी (नागरिक) प्रियांशु खाती, तहसीलदार भूपेंद्र कश्यप, पार्षद रजनी शर्मा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।