Loading...

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में ‘प्रतिभा खोज-2026’ का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 45 Mins Ago • 1 Min Read

उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में सांस्कृतिक क्लब की ओर से ‘प्रतिभा खोज-2026’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रतिभा खोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं कौशल क्षमताओं को निखारना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचानने और प्रदर्शित करने के लिए उपयुक्त मंच प्रदान करना रहा।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए गायन, नृत्य, मिमिक्री, वाद-विवाद, डिक्लेमेशन, निबंध लेखन, चित्रकला, नारा लेखन, मेहंदी तथा फोटोग्राफी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का समन्वय महाविद्यालय की सांस्कृतिक क्लब की संयोजिका डॉ० सुमन डोगरा के निर्देशन में किया गया। महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्य प्रो० कविता कौशल ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में डॉ० रामकुमार नेगी, प्रो० नवीन शर्मा एवं कुमारी नीलम शर्मा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों का निष्पक्ष एवं विद्वतापूर्ण मूल्यांकन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने के साथ-साथ आत्मविश्वास, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने का अवसर मिला।

महाविद्यालय परिवार ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक एवं प्रतिभा-आधारित आयोजनों से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिलती है। महाविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर डॉ० रामकुमार नेगी, प्रो० नवीन शर्मा, अधीक्षक राकेश कुमार, वरिष्ठ लिपिक दिनेश कुमार, अमन सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।