गांधी जयंती के उपलक्ष्य में राजकीय महाविद्यालय पझौता में कार्यक्रम आयोजित
राजकीय महाविद्यालय पझौता में आज गांधी जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन, विचारों एवं आदर्शों से परिचित करवाना तथा उनके सिद्धांतों को वर्तमान संदर्भ में समझने के लिए प्रेरित करना रहा।
पझौता
इस अवसर पर महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में महात्मा गांधी के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं एवं उनके विचारों को दर्शाने वाले लगभग 100 पोस्टर्स प्रदर्शित किए गए। विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए गांधीजी के जीवन-संघर्ष, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान तथा उनके विचारों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के ज्ञान एवं रुचि को बढ़ाने के उद्देश्य से गांधी क्विज का भी आयोजन किया गया। क्विज में आंचल हथटा एवं नेहा ठाकुर की टीम तथा आंचल ठाकुर एवं त्रिशा की टीम ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। राहुल एवं रीना की टीम ने द्वितीय तथा चेतन एवं सुजल की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रकाश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी, आत्मानुशासन और सामाजिक सरोकारों का प्रेरणादायी उदाहरण है। गांधीजी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवा पीढ़ी उनके जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।