Loading...

भर्तियों की तैयारी के लिए चंबा ग्राउंड नहीं खोला तो कल डीसी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन : जोगी ठाकुर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 59 Mins Ago • 1 Min Read

सेना, पुलिस और विभिन्न सरकारी भर्तियों की तैयारी कर रहे युवाओं के अभ्यास के लिए चंबा ग्राउंड को अधिक समय तक खोलने की मांग को लेकर पहाड़ी शिवालिक जन कल्याण संगठन ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने मांग पूरी नहीं होने पर बुधवार को सुबह 11 बजे डीसी सिरमौर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।

नाहन

सेना, पुलिस व अन्य भर्तियों की तैयारी कर रहे युवाओं के अभ्यास के लिए सुबह 3 से रात 9 बजे तक मैदान खोलने की मांग की गई है।

संगठन के अध्यक्ष जोगी ठाकुर ने कहा कि बड़ी संख्या में युवा सेना, पुलिस सहित अन्य भर्तियों की तैयारी कर रहे हैं। भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए युवाओं को नियमित अभ्यास की जरूरत होती है, लेकिन मैदान के सीमित समय के कारण उन्हें पर्याप्त अभ्यास का अवसर नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने मांग की कि जब तक विभिन्न भर्तियों की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक चंबा ग्राउंड को सुबह 3 बजे से रात 9 बजे तक युवाओं के अभ्यास के लिए खुला रखा जाए। उनका कहना है कि युवा अपने भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और उनकी तैयारी में मैदान की उपलब्धता महत्वपूर्ण है।

जोगी ठाकुर ने कहा कि संगठन युवाओं के हितों से जुड़े इस मुद्दे को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाएगा। उन्होंने सेना, पुलिस और अन्य भर्तियों की तैयारी कर रहे सभी युवाओं से बुधवार सुबह 11 बजे डीसी सिरमौर कार्यालय के बाहर पहुंचने का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के माध्यम से प्रशासन से युवाओं की मांग पर तत्काल विचार करने और चंबा ग्राउंड को निर्धारित अवधि तक अभ्यास के लिए उपलब्ध करवाने की मांग रखी जाएगी।

Related Topics: • •