चंबा में पंचायत चुनावों के लिए करीब चार लाख मतदाता पंजीकृत, 1741 युवा पहली बार करेंगे मतदान
चंबा जिले में आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए कुल 3,99,858 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1741 युवा पहली बार मतदान प्रक्रिया में भाग लेंगे, जबकि जिले में 100 वर्ष से अधिक आयु के 7 वरिष्ठ मतदाता भी पंजीकृत हैं।
चंबा
पंचायत चुनावों को लेकर तैयारियां जारी
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंबा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के बाद जिले में कुल 3 लाख 99 हजार 858 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। इनमें 1 लाख 96 हजार 932 महिला तथा 2 लाख 2 हजार 926 पुरुष मतदाता शामिल हैं।
विभिन्न विकास खंडों में मतदाताओं का विवरण
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार विकास खंड भटियात में कुल 92,395 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 45,955 महिला और 46,440 पुरुष मतदाता शामिल हैं। पांगी विकास खंड में 15,201 मतदाता, भरमौर में 35,228, चंबा में 61,541, मैहला में 69,059, सलूणी में 64,159 तथा तीसा विकास खंड में 62,275 मतदाता दर्ज किए गए हैं। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने की बात कही है।
1741 युवा पहली बार करेंगे मतदान
जिले में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की संख्या 1741 दर्ज की गई है। इनमें भरमौर में 240, भटियात में 315, चंबा में 214, मैहला में 314, पांगी में 56, सलूणी में 310 तथा तीसा में 292 नए मतदाता शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि युवा मतदाताओं की भागीदारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
109 वर्षीय आशा देवी सबसे वरिष्ठ मतदाता
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में 100 वर्ष से अधिक आयु के कुल 7 वरिष्ठ मतदाता भी मतदान के पात्र हैं। इनमें भटियात विकास खंड की 109 वर्षीय आशा देवी जिले की सर्वाधिक आयु की मतदाता हैं। प्रशासन ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां जारी हैं तथा पात्र मतदाताओं से मतदान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया गया है।