Loading...

भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया निरीक्षण, स्थायी समाधान के दिए निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

भटियात विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न भूस्खलन प्रभावित स्थानों का निरीक्षण करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित सड़क मार्गों पर स्थायी समाधान के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी जारी किए।

चंबा

भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न भूस्खलन प्रभावित स्थानों का दौरा कर स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पातका-डलहौजी सड़क मार्ग पर गाहर दा घटु तथा नूरपुर-सांझी-नाला-लाहडू-तुन्नू हट्टी मार्ग पर स्थित टिक्कर गला घार सहित अन्य प्रभावित स्थानों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों से भूस्खलन से हुए प्रभाव, सड़कों की वर्तमान स्थिति तथा बहाली कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई।

सड़क बहाली कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश

विधानसभा अध्यक्ष ने 21 और 22 जुलाई को हुई भारी वर्षा के बाद सड़क नेटवर्क पर पड़े प्रभाव की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि टिक्कर गला घार क्षेत्र में लगभग 200 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर लगातार कार्य कर सड़क मार्ग को यातायात के लिए पुनः बहाल किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि मानसून के दौरान संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक सुरक्षा और संरक्षण कार्य समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किए जाएं।

स्थायी समाधान के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि एचपी डीआरआरपी (HP DRRP) के अंतर्गत पनियाला, टिक्कर गला तथा शाहपुर-सिंहुता-चुवारी सड़क मार्ग के भूस्खलन प्रभावित स्थलों के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना में ढलानों के स्थायी संरक्षण, जल निकासी व्यवस्था, रिटेनिंग स्ट्रक्चर और अन्य तकनीकी उपायों को शामिल किया जाए, ताकि भविष्य में भूस्खलन की स्थिति में इन प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित न हो और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

प्रभावित लोगों से मुलाकात कर समस्याएं सुनीं

दौरे के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भूस्खलन से प्रभावित लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने स्थानीय निवासियों से क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता और सड़क संपर्क बनाए रखना प्राथमिकता रहेगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारी रहे मौजूद

इस निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर, अधिशासी अभियंता नरेंद्र चौधरी, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर तथा खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को प्रभावित स्थलों, सड़क बहाली कार्यों और प्रस्तावित स्थायी संरक्षण उपायों की जानकारी भी उपलब्ध कराई।

Related Topics: