Loading...

Chandra Grahan 2022: साल का आखिरी चंद्रग्रहण आज, इतने बजे से होगा शुरू…..

SAPNA THAKUR 8 Nov 2022 Edited 8 Nov 1 min read

HNN/ नाहन

इस साल का आखिरी चंद्र ग्रहण 8 नवंबर यानी कि आज लगने जा रहा है। यह चंद्र ग्रहण शाम 4 बजकर 23 मिनट से शुरू होगा और शाम 6 बजकर 19 मिनट पर समाप्त होगा। आज शाम के समय जैसे ही चंद्रोदय होगा उसी समय चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई देगा। साल का यह अंतिम चंद्र ग्रहण भारत के कुछ हिस्सों में दिखाई देगा, इसलिए चंद्र ग्रहण का सूतक काल मान्य है।

आज सूतक काल सुबह 09 बजकर 21 मिनट से शुरू हो चुका है जोकि शाम 06:19 मिनट पर खत्म होगा। देश में सबसे पहले अरूणाचल प्रदेश में पूर्ण चंद्र ग्रहण देखने को मिलेगा। वैज्ञानिकों का कहना है कि पूर्वोत्तर भारत के हिस्सों में पूर्ण चंद्रग्रहण देखने को मिलेगा, वहीं अन्य हिस्सों में यह आंशिक रूप से दिखाई देगा।

भारत के अलावा कहां-कहां देखा जा सकेगा?
भारत के अलावा, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर, हिंद महासागर, उत्तरी पूर्वी यूरोप, उत्तरी अमेरिका और दक्षिणी अमेरिका के अधिकांश हिस्से में साल का आखिरी चंद्र ग्रहण का नजारा दिखाई देगा। वहीं दक्षिणी पश्चिमी यूरोप और अफ्रीका में ग्रहण दिखाई नहीं देगा ।

ज्योतिषशास्त्र में ग्रहण पर इन कामों को बताया गया है निषेध
ग्रहण काल में कुछ बातों का खास ध्यान रखना चाहिए। चंद्र ग्रहण के दौरान किसी भी तरह के शुभ और मांगलिक कार्यों को करने की मनाही होती है। चंद्र ग्रहण का सूतक काल अशुभ माना जाता है। इसलिए मंदिर के कपाट बंद कर देने चाहिए और देवी-देवताओं को स्पर्श नहीं करना चाहिए।

इस दौरान पेड़-पौधों को भी स्पर्श नहीं करना चाहिए और साथ ही यात्रा करने से भी बचना चाहिए। ग्रहण काल में कैंची ,चाकू, सुई जैसी नुकीली धारदार चीजों का भी उपयोग नहीं करना चाहिए। चंद्रग्रहण के समय ना ही भोजन पकाना चाहिए और ना ही खाना चाहिए।

चंद्रग्रहण में जरूर करें ये काम
चंद्रग्रहण के दौरान ग्रहण के समय दान पुण्य करना चाहिए और किसी जरूरतमंद को अन्न, वस्त्र या धन का दान करना चाहिए। ग्रहण के समय अपने इष्ट देवी-देवताओं की प्रार्थना या गायत्री मंत्र का जप करना चाहिए। वहीं, ग्रहण खत्म होने के बाद स्नान करना चाहिए। ग्रहण के बाद मंदिर और पूरे घर में गंगाजल छिड़कना चाहिए। ऐसा करने से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है।