चौकीमन्यार कॉलेज की मतदाता जागरूकता क्विज में टीम-3 अव्वल, टीम-1 रही उपविजेता
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में मतदाता सूची, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन और मतदान प्रक्रिया पर आयोजित जागरूकता क्विज प्रतियोगिता में टीम-3 ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि टीम-1 उपविजेता रही। इलेक्शन लिटरेसी क्लब और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त आयोजन में महाविद्यालय की पांच टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र और उप तहसील जोल के अंतर्गत आने वाले महाविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों से मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, ईवीएम और मतदान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागी टीमों ने इन प्रश्नों के उत्तर देकर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में निष्पक्ष निर्णय के लिए डॉ. सगुन डोगरा ने मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाई और सभी पांच टीमों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
तमन्ना, शालिनी और निवेदिका की टीम रही प्रथम
कड़े मुकाबले के बाद तमन्ना, शालिनी और निवेदिका की टीम-3 ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आंचल, निर्मला और अरुण की टीम-1 उपविजेता रही। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान को बढ़ाने के साथ उन्हें देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रियाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सजग रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। आयोजन में महाविद्यालय के ऊर्जा क्लब, रेड रिबन क्लब, रेड क्रॉस और स्पोर्ट्स क्लब के सदस्यों ने भी भाग लिया। इस दौरान प्रो. कविता कौशल, डॉ. राम कुमार नेगी, प्रो. नवीन शर्मा और महाविद्यालय का कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से चुनावी साक्षरता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जागरूक मतदान का संदेश दिया गया।