छतर सिंह ठाकुर बने हिमाचल युवा कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष

सीएम सुक्खू के करीबी और पूर्व NSUI अध्यक्ष को सौंपी गई अहम जिम्मेदारी

हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। मंगलवार देर शाम अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु ने रोहड़ू के छतर सिंह ठाकुर को हिमाचल युवा कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने का पत्र जारी किया। यह निर्णय संगठन की आंतरिक प्रक्रिया और साक्षात्कार के आधार पर लिया गया।

तीन नामों के बीच हुआ था मुकाबला

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए तीन नाम शॉर्टलिस्ट किए गए थे – छतर सिंह ठाकुर, ऊना के अखिल अग्निहोत्री और सिरमौर के राहुल चौहान। मंगलवार को दिल्ली में आयोजित साक्षात्कार के बाद छतर सिंह ठाकुर को इस पद के लिए चुना गया।

छतर सिंह ठाकुर का संगठन में योगदान

छतर सिंह ठाकुर जिला शिमला के रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखते हैं और इससे पहले एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके हैं। हाल ही में संपन्न युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव में छतर सिंह ठाकुर को 60,000 वोट प्राप्त हुए थे। वहीं, अखिल अग्निहोत्री को 37,000 और राहुल चौहान को 15,000 वोट मिले।

हाईकमान ने किया अंतिम चयन

पार्टी हाईकमान ने तीनों शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेकर छतर सिंह ठाकुर को अध्यक्ष पद के लिए चुना। यह नियुक्ति उनके संगठनात्मक अनुभव और लोकप्रियता के आधार पर की गई।