Loading...

चौकीमन्यार महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने चार्टों से दिया भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Hours Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में आयोजित चार्ट मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से ईमानदारी, सतर्कता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश दिया। “ईमानदारी से समृद्धि की ओर” विषय पर हुई प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की तानिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए सभी चार्ट हिमाचल प्रदेश सतर्कता विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड किए गए हैं।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र और उप तहसील जोल के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में रोड सेफ्टी क्लब तथा रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में प्रतियोगिता करवाई गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करने के साथ उनमें ईमानदारी, सतर्कता और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से इन मूल्यों के महत्व को चार्टों पर प्रस्तुत किया।

चौकीमन्यार महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने चार्टों से दिया भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश

तानिया प्रथम, पलक ने पाया दूसरा स्थान

प्रतियोगिता में प्रो. कविता कौशल ने निर्णायक की भूमिका निभाई। बीए द्वितीय वर्ष की तानिया ने प्रथम, बीकॉम तृतीय वर्ष की पलक ने द्वितीय और बीकॉम द्वितीय वर्ष की निर्मला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बीए द्वितीय वर्ष की अक्षु को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता के अंतर्गत तैयार किए गए सभी चार्ट हिमाचल प्रदेश सतर्कता विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए गए हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राना ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, नैतिकता और सतर्कता जैसे मूल्यों को अपनाकर ही समृद्ध एवं भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम में डॉ. रामकुमार नेगी, डॉ. सगुन डोगरा और प्रो. नवीन शर्मा सहित महाविद्यालय का कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

Related Topics: •