Loading...

Road Closed / 3 नवंबर की रात मटौर वैली ब्रिज रहेगा बंद, जमानाबाद-अब्दुल्लापुर से गुजरेंगे वाहन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Road Closed / कांगड़ा जिले के मटौर वैली ब्रिज पर निर्माण और विद्युत लाइन से जुड़े कार्य के कारण 3 नवंबर की रात 11 बजे से 4 नवंबर की सुबह 7 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। प्रशासन ने वाहन चालकों को इस अवधि में जमानाबाद-अब्दुल्लापुर सड़क से सफर करने की सलाह दी है। कार्य के दौरान आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रहेगी।

कांगड़ा

एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग, विद्युत विभाग और पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाएंगी। कार्यस्थल पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुल को निर्धारित अवधि के दौरान यातायात के लिए पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने रात के समय इस रास्ते से सफर करने वाले लोगों से अपनी यात्रा की योजना पहले बनाने और वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की है।

निर्धारित कार्य पूरा होने के बाद 4 नवंबर की सुबह मटौर वैली ब्रिज को वाहनों की आवाजाही के लिए वन-वे खोला जाएगा। इस दौरान पुल पर यातायात नियंत्रित तरीके से संचालित होगा। वाहन चालकों को मौके पर तैनात पुलिस कर्मचारियों और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करना होगा। विद्युत लाइन से संबंधित काम भी इसी अवधि में किया जाएगा, जिससे आसपास के कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित रह सकती है।

स्थानीय निवासियों के लिए 1500 रुपये का वार्षिक पास

एसडीएम ने बताया कि घट्टा टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों के लिए वार्षिक पास की राशि 1500 रुपये निर्धारित की गई है। यह फैसला प्रोजेक्ट डायरेक्टर और उच्च अधिकारियों से बातचीत के बाद लिया गया। पात्र निवासी टोल प्लाजा पर जाकर पास बनवा सकते हैं, जबकि अन्य वाहन चालकों के लिए वार्षिक पास 3075 रुपये में उपलब्ध रहेगा। प्रशासन के अनुसार जल्द ही राजमार्ग यात्रा ऐप के माध्यम से भी वार्षिक पास बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Topics: •