चौकीमन्यार महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई और इको क्लब ने संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर से कचरा एकत्र कर साफ-सफाई की और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छ पर्यावरण, कचरे के उचित निपटान और सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र और उप तहसील जोल के अंतर्गत स्थित महाविद्यालय में आयोजित अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने परिसर के विभिन्न स्थानों पर फैला कचरा एकत्र किया। उन्हें प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने, कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित करने और आसपास के वातावरण को साफ रखने के महत्व की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों ने अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। अभियान में प्रो. कविता कौशल, डॉ. सगुन डोगरा, प्रो. नवीन शर्मा और कार्यालय के समस्त कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।