ऊना में 26 दिसंबर से 70वीं राष्ट्रीय छात्रा वॉलीबॉल प्रतियोगिता, 600 खिलाड़ी दिखाएंगी प्रतिभा
ऊना के इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम में 26 से 30 दिसंबर तक 70वीं स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत अंडर-19 छात्रा वर्ग की राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की 35 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें शामिल करीब 600 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगी।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक योगेश चौहान ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रतियोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। देशभर से ऊना पहुंचने वाली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
खेल भावना और आत्मविश्वास को मिलेगा प्रोत्साहन
योगेश चौहान ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय खेल आयोजन युवाओं, विशेषकर छात्राओं में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऊना में प्रतियोगिता का आयोजन जिले के लिए गौरव का विषय है। इससे स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ जिले को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
प्रेस वार्ता के दौरान एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, संयुक्त निदेशक जगदीश नेगी, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सोमलाल धीमान और डाइट के अनुभाग अधिकारी कश्मीर चंद उपस्थित रहे। इनके अलावा विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने आयोजन से संबंधित तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी साझा की।