Loading...

मुख्यमंत्री ने नेरी कलां में 90.66 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र के नेरी कलां में 90.66 करोड़ रुपये की कुल 12 विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, शैक्षणिक भवन और जल संसाधन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्माण कार्य शामिल हैं, जिनका उद्देश्य क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है।

सोलन

तीन परियोजनाओं का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 12.92 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शालाघाट-अर्की-कुनिहार-बरोटीवाला मार्ग पर गम्बर खड्ड में 45 मीटर स्पैन के डबल लेन आर्च पुल का उद्घाटन किया। इसके साथ 3.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बीडीओ कार्यालय भवन धर्मपुर और पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रथा में 51 लाख रुपये की लागत से बने विज्ञान भवन का भी उद्घाटन किया गया।

नौ विकास कार्यों के शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने दत्यार के समीप 20.83 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कौशल्या बांध और 16.24 करोड़ रुपये की लागत से किम्मूघाट से चक्की का मोड़ सड़क के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की आधारशिला रखी। इसके अलावा 6.33 करोड़ रुपये की लागत से जंगेशू से औडा वाया भनेट सड़क, 7.03 करोड़ रुपये की लागत से ग्रोणी से सरी सड़क वाया बोहरों के उन्नयन, 3.77 करोड़ रुपये की लागत से सुबाथू से ग्राम चपला सड़क पर शहीद सुदेश मार्ग की मेटलिंग और तारकोल बिछाने तथा 3.48 करोड़ रुपये की लागत से रेहला से मठान वाया शार्ड संपर्क मार्ग के कार्यों का शिलान्यास किया गया।

अन्य सड़क परियोजनाएं

8.06 करोड़ रुपये की लागत से देवठी-बराह कून सड़क के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण, 5 करोड़ रुपये की लागत से धर्मपुर-कसौली सड़क के उन्नयन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3.08 करोड़ रुपये की लागत से नागली से चेवा सड़क के निर्माण एवं उन्नयन कार्य का भी शिलान्यास किया गया।