Loading...

मुख्यमंत्री सहारा योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू 

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 36 Mins Ago • 1 Min Read

मुख्यमंत्री सहारा योजना के तहत ऊना जिले में नए पात्र लाभार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र व्यक्ति ई-कल्याण पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। जिला कल्याण अधिकारी ने पात्र नागरिकों से योजना का लाभ लेने तथा अन्य जरूरतमंद लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

जिला कल्याण अधिकारी, ऊना आवास पंडित ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सहारा योजना का संचालन अब सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त पात्र लाभार्थियों की सूची के आधार पर पात्र व्यक्तियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है। इसके उपरांत अप्रैल से जून, 2026 की वित्तीय सहायता पात्र लाभार्थियों को प्रदान की जा रही है।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सहारा योजना के अंतर्गत नए पात्र लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। पात्र व्यक्ति ई-कल्याण पोर्टल https://himparivar.hp.gov.in/ekalyan  के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।आवास पंडित ने जिले के सभी पात्र एवं जरूरतमंद नागरिकों से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री सहारा योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के पात्र व्यक्तियों को भी योजना और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति केवल जानकारी के अभाव में इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित अधिक जानकारी अथवा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आवेदक जिला कल्याण कार्यालय, ऊना या अपने संबंधित तहसील कल्याण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।