Loading...

CM School Visit / मुख्यमंत्री का औचक स्कूल निरीक्षण, बच्चों से पूछे सामान्य ज्ञान के सवाल, नए भवन की घोषणा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 18 Jun 2025 • 1 Min Read

CM School Visit : मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बागा सराहन में स्कूली छात्रों की बौद्धिक क्षमता परखी, प्रार्थना सभा में पहुंचे अचानक नए स्कूल भवन का किया ऐलान, छात्रों को मेहनत और आदर्शों से आगे बढ़ने की दी प्रेरणा

बागा सराहन

बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने बागा सराहन दौरे के समापन से ठीक पहले सभी को उस समय चौंका दिया जब उन्होंने अचानक एक सरकारी स्कूल की प्रार्थना सभा में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।

बच्चों से संवाद और सवाल-जवाब
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान से जुड़े कई सवाल पूछे और उनकी बौद्धिक क्षमता को परखा। खास बात यह रही कि प्राथमिक स्कूल के बच्चों ने आत्मविश्वास से उत्तर दिए, जबकि वरिष्ठ छात्रों के उत्तर अपेक्षित स्तर के नहीं रहे। इस पर मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को सामान्य ज्ञान पर ज्यादा ध्यान देने की सलाह दी।

नए भवन की घोषणा और सुझाव
मुख्यमंत्री ने विद्यालय की अवस्थापना स्थिति को देखते हुए प्राथमिक स्कूल के लिए एक नए भवन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने अध्यापकों से स्कूल की अन्य आवश्यकताओं पर भी फीडबैक लिया और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए व्यवहारिक ज्ञान पर ज़ोर दिया।

छात्रों को दी प्रेरणा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बागा सराहन के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से संवाद कर उन्हें अपने करियर और जीवन लक्ष्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए मेहनत और लगन सबसे अहम हैं।

स्थानीय लोगों से मुलाकात और चाय पर चर्चा
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश जारी किए। लौटते समय उन्होंने जाबली और कुमारसैन में रुककर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा भी की।