Loading...

रैल स्कूल में विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से पूछे सीधे सवाल, स्वच्छता से पेपर लीक तक हुई चर्चा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 57 Mins Ago • 1 Min Read

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैल के विद्यार्थियों से संवाद किया। विद्यार्थियों ने उनके सामने करियर, पढ़ाई, सीबीएसई पाठ्यक्रम, स्वच्छता और नीट पेपर लीक से जुड़े सवाल रखे। इस दौरान रंगस से स्कूल के लिए बस सुविधा और एक प्राथमिक स्कूल की टूटी सीढ़ियों का विषय भी उठा। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए संबंधित समस्याओं पर आवश्यक कदम उठाने की बात कही।

हमीरपुर/नादौन

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके करियर, पढ़ाई और शिक्षा क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर प्रतिक्रिया ली। उन्होंने सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू होने के बाद स्कूल में आए परिवर्तनों के बारे में भी पूछा। विद्यार्थियों ने बताया कि यह पाठ्यक्रम उन्हें रुचिपूर्ण लग रहा है और इससे प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नया पाठ्यक्रम शिक्षा क्षेत्र की वैश्विक चुनौतियों का सामना करने में भी सहायक होगा। विद्यार्थियों ने सीबीएसई आधारित स्कूल शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने की जरूरत

एक छात्रा ने सवाल किया कि समाज में सफाई को छोटा काम क्यों समझा जाता है और हिमाचल प्रदेश को अधिक स्वच्छ बनाने के लिए क्या किया जा सकता है। उसने अपनी बहन की कजाकिस्तान एक्सपोजर विजिट का उल्लेख करते हुए वहां की बेहतर स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सवाल को उचित बताते हुए कहा कि स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने घर के साथ आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए और केवल घर की सफाई तक सीमित मानसिकता पर्याप्त नहीं है।

पेपर लीक पर मुख्यमंत्री ने रखी बात

एक छात्र ने नीट पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से विद्यार्थियों पर गंभीर मानसिक दबाव पड़ता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक नहीं होना चाहिए और ऐसी घटना युवाओं के साथ धोखा है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में करीब चार वर्ष पहले प्रश्नपत्रों की बिक्री से जुड़ी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने जांच करवाई, हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर को भंग किया और संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। अब हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

बस सुविधा की मांग, सीढ़ियों की मरम्मत के निर्देश

संवाद में एक छात्रा ने रंगस से स्कूल के लिए बस सुविधा शुरू करने की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसके लिए आवश्यक इंतजाम कर रही है। वहीं, एक प्राथमिक स्कूल के विद्यार्थी ने स्कूल की टूटी हुई सीढ़ियों की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सीढ़ियों की जल्द मरम्मत करवाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को स्कूल परिसर में इस समस्या का सामना न करना पड़े।

Related Topics: