Loading...

मुख्यमंत्री सुक्खू ने चंबा को 333 करोड़ की 26 विकास परियोजनाओं की दी सौगात

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Aug 2026 • 1 Min Read

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को चंबा विधानसभा क्षेत्र के लिए 333.25 करोड़ रुपये की लागत वाली 26 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, सड़क, पुल, पार्किंग, संपर्क मार्ग और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

चंबा

मुख्यमंत्री ने 158 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के 200 बिस्तरों वाले नए भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा शाहपुर-सिहुंता-चुवाड़ी-चंबा सड़क, परेल-कोहलड़ी सड़क, परेल मार्ग से चंबा-बनीखेत सड़क, लुड्डू-घरमाड़ी सड़क, सराहन-रान सड़क, भनेरा-देवीदेहरा-रठियार-मनकोट सड़क के उन्नयन तथा करियां-भरियां-कोठी सड़क पर रावी नदी पर बने बॉक्स गर्डर पुल का भी उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं से स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

संपर्क मार्गों और पार्किंग परियोजनाओं की रखी आधारशिला

मुख्यमंत्री ने भगत में 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली वाहन पार्किंग (चरण-1) सहित द्रबला, सनोथा, साच-फतेहपुर, नाणु, द्रडा सेरू, घरग्राम, घतरेड़, छांजून, रुंडेगा, बसोधन और मानकोट गांवों के संपर्क मार्गों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसके अलावा मंगला-ओहली-भरियां-कपाड़ा-जरीन सड़क, चंबा-मलूना-कठना सड़क, राजेरा-बैली सड़क और करियां-बैली सड़क के निर्माण कार्य भी शुरू किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही और अधिक सुगम होगी।

औषधि एवं टीकाकरण भंडार का भी होगा निर्माण

मुख्यमंत्री ने सरोल स्थित कुष्ठ अस्पताल परिसर में 3.72 करोड़ रुपये की लागत से जिला औषधि भंडार एवं टीकाकरण भंडार के निर्माण का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ प्राप्त होगा।