संविधान दिवस पर चौकीमन्यार कॉलेज के विद्यार्थियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ
राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में संविधान दिवस पर विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान उन्होंने संविधान के मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया गया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप तहसील जोल और ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में राष्ट्रीय सेवा योजना तथा रोड सेफ्टी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल आदर्शों तथा नागरिकों को मिले अधिकारों और उनके कर्तव्यों की जानकारी देना था। विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों ने प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प लिया।
लोकतांत्रिक मूल्यों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना के अर्थ और महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें प्रस्तावना में शामिल न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित करवाया गया। इसके साथ ही भारतीय संविधान से प्रत्येक नागरिक को प्राप्त अधिकारों और राष्ट्र एवं समाज के प्रति निर्धारित कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों से इन मूल्यों को व्यवहार में अपनाने का आह्वान भी किया गया।
महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. कविता कौशल ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान में निहित आदर्श केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार, जागरूक और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनकर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रो. नवीन शर्मा, डॉ. सगुन डोगरा, अन्य कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।