संविधान दिवस पर ऊना में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, एडीसी ने दिलाई मूल्यों के पालन की शपथ
संविधान दिवस के अवसर पर ऊना के डीसी कार्यालय परिसर में अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान के आदर्शों के अनुरूप कार्य करने की शपथ भी दिलाई।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में एडीसी ईशांत जसवाल ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतांत्रिक ढांचे की मजबूत आधारशिला है। यह समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे उच्च मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। संविधान नागरिकों को मौलिक अधिकार और स्वतंत्रता प्रदान करने के साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध करवाता है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस प्रस्तावना में निहित आदर्शों और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दोबारा पुष्ट करने का अवसर है।
एडीसी ने कहा कि संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में संवैधानिक आदर्शों और मूल्यों के प्रति जागरूकता तथा सम्मान की भावना विकसित करना है। संविधान सरकार की कार्यप्रणाली और शासन व्यवस्था के लिए दिशा-निर्देश निर्धारित करता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में अपना योगदान दे।
26 नवंबर को अंगीकृत हुआ था संविधान
संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी उपलक्ष्य में हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। भारतीय संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था और इस दिन को देशभर में गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है।