Loading...

माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव 2026: सांस्कृतिक संध्याओं के लिए चयन शुरू, पहले दिन 27 कलाकारों ने दिया ऑडिशन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Mins Ago • 1 Min Read

माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए स्थानीय कलाकारों की चयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। डिग्री कॉलेज अम्ब में आयोजित ऑडिशन के पहले दिन 27 कलाकारों ने गायन, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक विधाओं में प्रतिभा दिखाई। ऑडिशन 27 नवंबर को भी जारी रहेंगे और इच्छुक कलाकार निर्धारित स्थल पर पहुंचकर मौके पर आवेदन कर सकेंगे।

ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल

मेला समिति के संयोजक एवं एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल ने बताया कि ऑडिशन का उद्देश्य महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में स्थानीय प्रतिभाओं को उचित मंच देना और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना है। पहले दिन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति और कला के विविध रंग प्रस्तुत किए। नामी कलाकारों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को ऑडिशन से छूट दी गई है।

चार दिसंबर को शोभायात्रा से होगा शुभारंभ

माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव का विधिवत शुभारंभ चार दिसंबर को भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। तीन दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अतिरिक्त खेल प्रतियोगिताएं, स्कूली विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियां और विभिन्न सरकारी विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। महोत्सव की तीनों सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचल प्रदेश के लोक कलाकारों के साथ पंजाबी गायक भी प्रस्तुतियां देंगे।

श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रतीक के रूप में उभर रहा है। इस वर्ष आयोजन का तीसरा संस्करण होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों से मिले सहयोग के आधार पर आने वाले वर्षों में महोत्सव को और भव्य तथा आकर्षक बनाने के लिए प्रयास जारी रखे जाएंगे।

विधायक ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और यह महोत्सव भी इसी दिशा में एक पहल है। आयोजन के माध्यम से प्रदेश की लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच मिलने के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से महोत्सव में भाग लेने का आह्वान किया।

Related Topics: •