Loading...

ऊना के सीएमओ कार्यालय में संविधान की प्रस्तावना का वाचन, कर्मचारियों ने ली मूल्यों के पालन की शपथ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 19 Mins Ago • 1 Min Read

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय ऊना में संविधान की प्रस्तावना दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा की अध्यक्षता में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संवैधानिक आदर्शों और मूल्यों के अनुरूप कार्य करने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ ली।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

कार्यक्रम के दौरान डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने कार्यालय में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया। उन्होंने संविधान में निहित मूलभूत आदर्शों और मूल्यों के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। संविधान नागरिकों को अधिकार प्रदान करने के साथ उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध करवाता है।

न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के महत्व पर जोर

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में समाहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्श एक सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान हैं। ये मूल्य देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से इन आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में आत्मसात करने तथा दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।

डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को संविधान के प्रति जागरूक रहना चाहिए और इसके मूलभूत सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाना चाहिए। इससे बेहतर और समरस समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने और संविधान के आदर्शों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Topics: •