Loading...

कांगड़ा में उचित मूल्य की दुकानों के लिए 11 दिसंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 17 Mins Ago • 1 Min Read

कांगड़ा जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य की दुकानों के आवंटन के लिए इच्छुक व्यक्तियों, संस्थाओं और स्वयं सहायता समूहों से 11 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। निर्धारित तिथि के बाद मिले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे और आवेदन की प्रक्रिया केवल ऑनलाइन माध्यम से पूरी करनी होगी।

धर्मशाला

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम ने बताया कि विकास खंड कांगड़ा की ग्राम पंचायत हलेड़ खुर्द के गांव छोटी हलेड़, रैत के मैटी के वार्ड नंबर-3, बैजनाथ की ग्राम पंचायत क्योरी के वार्ड नंबर-2 और ग्राम पंचायत मंझोटी के गांव मेहला दान पत्थर में उचित मूल्य की दुकानों का आवंटन प्रस्तावित है। इसके अलावा नगर निगम धर्मशाला के श्याम नगर, कोतवाली बाजार और सिविल लाइन में भी दुकानें आवंटित करने की प्रक्रिया की जानी है।

स्पष्ट और स्वयं सत्यापित दस्तावेज जरूरी

आवेदक निर्धारित प्रपत्र के साथ जरूरी दस्तावेज विभागीय वेबसाइट emerginghimachal.hp.gov.in पर ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। सभी दस्तावेजों की प्रतियां स्वयं सत्यापित और स्पष्ट रूप से पढ़ने योग्य होनी चाहिए। सहकारी सभा, महिला मंडल या स्वयं सहायता समूह को पंजीकरण प्रमाण पत्र और वित्तीय प्रबंधन से संबंधित दस्तावेज देने होंगे। शिक्षित बेरोजगार प्रमाण पत्र, दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र और उपलब्ध होने पर उच्च शिक्षा का प्रमाण पत्र भी अपलोड करना अनिवार्य होगा।

आवेदक उपलब्ध होने पर बीपीएल, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जनजाति और संबंधित वार्ड का प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत कर सकते हैं। सहकारी सभा, महिला मंडल और स्वयं सहायता समूह को आवेदन के आवेदक वाले कॉलम में संस्था का नाम ही दर्ज करना होगा। प्रधान, सचिव या किसी अन्य व्यक्ति का नाम दर्ज होने पर आवेदन को द्वितीय प्राथमिकता के तहत स्वीकार किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस पर विभाग के दूरभाष नंबर 01892-222877 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Topics: •