Counselling / हिमाचल तकनीकी विश्वविद्यालय ने बीटेक, बी फार्मेसी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी किया
Counselling : हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय, हमीरपुर ने नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। बीटेक, बी. फार्मेसी, एमबीए और एमसीए की ऑनलाइन काउंसलिंग विभिन्न चरणों में होगी, जबकि अन्य पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग निर्धारित तिथियों पर ऑफलाइन आयोजित की जाएगी।
हमीरपुर
बीटेक और बी. फार्मेसी की ऑनलाइन काउंसलिंग 14 जुलाई से
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (एचपीटीयू) ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया का ऑनलाइन और ऑफलाइन काउंसलिंग शेड्यूल जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय पहली बार बीटेक सहित कुछ प्रमुख पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया संचालित कर रहा है। ऑनलाइन काउंसलिंग में बीटेक, बी. फार्मेसी, एमबीए और एमसीए शामिल हैं, जबकि अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश ऑफलाइन काउंसलिंग के माध्यम से होगा।
बीटेक (डायरेक्ट एंट्री) में एचपीसीईटी और जेईई मेन मेरिट के आधार पर प्रथम चरण की सीटें 14 जुलाई को आवंटित की जाएंगी। प्रथम चरण में सीट प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को 16 जुलाई तक संबंधित शिक्षण संस्थान में रिपोर्ट करना होगा। दूसरे चरण की सीटें 18 जुलाई को जारी होंगी, जिनके लिए रिपोर्टिंग की अंतिम तिथि 21 जुलाई निर्धारित की गई है। इसके बाद तीसरे और चौथे चरण की सीटें क्रमशः 23 जुलाई और 28 जुलाई को आवंटित की जाएंगी। यदि इन चरणों के बाद भी सीटें रिक्त रहती हैं तो पांचवें चरण में जमा दो की मेरिट के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बी. फार्मेसी, एमबीए और एमसीए की भी चरणबद्ध काउंसलिंग
बी. फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री) की प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग भी 14 जुलाई को होगी। एचपीसीईटी मेरिट के आधार पर सीट आवंटन के बाद चयनित अभ्यर्थियों को 16 जुलाई तक रिपोर्ट करना होगा। दूसरे, तीसरे और चौथे चरण की सीटें क्रमशः 18 जुलाई, 23 जुलाई और 28 जुलाई को आवंटित की जाएंगी।
एमबीए और एमसीए के सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए प्रथम चरण की ऑनलाइन सीट आवंटन प्रक्रिया 20 जुलाई को होगी तथा चयनित अभ्यर्थियों को 22 जुलाई तक संबंधित संस्थान में रिपोर्ट करना होगा। इसके बाद दूसरे, तीसरे और चौथे चरण की काउंसलिंग 24 जुलाई, 29 जुलाई और 3 अगस्त को आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय ने एमबीए और एमसीए अभ्यर्थियों को 10 से 16 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा भी प्रदान की है।
अन्य पाठ्यक्रमों की ऑफलाइन काउंसलिंग निर्धारित तिथियों पर
विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार एमबीए पर्यटन, एमएससी भौतिक विज्ञान, एमएससी पर्यावरण विज्ञान तथा एमए/एमएससी योग की प्रथम चरण की ऑफलाइन काउंसलिंग 14 जुलाई को तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में होगी, जबकि दूसरा चरण 18 जुलाई को प्रस्तावित है।
फार्मा-डी की प्रथम चरण की काउंसलिंग 14 जुलाई को फार्मेसी कॉलेज कथोग, ज्वालामुखी (जिला कांगड़ा) में आयोजित होगी। बीएससी एचएमसीटी की प्रथम चरण की काउंसलिंग संबंधित शिक्षण संस्थानों में 14 जुलाई को होगी। वहीं बीएचएमसीटी की प्रथम एवं द्वितीय चरण की काउंसलिंग तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में 18 जुलाई को प्रस्तावित है। बीसीए और बीबीए की काउंसलिंग भी निर्धारित तिथियों पर संबंधित संस्थानों में आयोजित की जाएगी।
आरक्षित कोटे के दस्तावेजों की हुई जांच
विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को बी. फार्मेसी (डायरेक्ट एंट्री), बीबीए, बीसीए, एमबीए, एमबीए पर्यटन, एमएससी पर्यावरण विज्ञान तथा एमए/एमएससी योग में स्पोर्ट्स, बैकवर्ड एरिया और एक्स-सर्विसमैन कोटे के तहत प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। विश्वविद्यालय द्वारा गठित समिति ने सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की।
तकनीकी विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ. राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि बी. आर्क, बी. फार्मेसी (लेटरल एंट्री), बीटेक (लेटरल एंट्री), एमटेक और एम. फार्मेसी में स्पोर्ट्स, बैकवर्ड एरिया तथा एक्स-सर्विसमैन कोटे के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 27 जुलाई को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन और ऑफलाइन काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां अभ्यर्थी सभी तिथियों और दिशा-निर्देशों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।