Loading...

CRIME / सलोगड़ा में नेपाली किराएदार ने महिला की बेरहमी से की हत्या, खुदकुशी की भी कोशिश की

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 23 Jun 2025 • 1 Min Read

CRIME : सोलन के सलोगड़ा क्षेत्र में एक नेपाली किराएदार ने घर में अकेली महिला की बेरहमी से हत्या कर दी और खुद भी ज़हर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

सोलन

घर लौटे बेटे को नहीं मिली मां, प्रेम नेपाली के कमरे से हुआ खौफनाक खुलासा

सोलन जिले के सलोगड़ा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नेपाली मूल के युवक ने घर में अकेली महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका 56 वर्षीय संतोष अपने घर में अकेली थीं, जबकि बेटा बाहर गया हुआ था और पति रेलवे ड्यूटी पर थे।

एक साल से किराए पर रह रहा था प्रेम नेपाली

शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि आरोपी प्रेम नामक नेपाली युवक पिछले एक साल से उनके घर में किराए पर रह रहा था। रविवार रात जब देवेंद्र घर लौटे तो उन्हें मां घर पर नहीं मिलीं। तलाश के दौरान जब उन्होंने प्रेम के कमरे के पास जाकर देखा और दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया।

कमरे में मिला खून से लथपथ शव और अचेत प्रेम

दरवाजा खुलते ही देवेंद्र ने जो दृश्य देखा वह बेहद खौफनाक था। उनकी मां संतोष खून से सनी हालत में फर्श पर मृत पड़ी थीं। कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हत्या किस कदर बेरहमी से की गई थी। वहीं प्रेम नेपाली कमरे में अचेत अवस्था में मिला।

एफएसएल टीम मौके पर, जांच में जुटी पुलिस

देवेंद्र ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सोलन सदर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रेम को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पूरे कमरे को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल जुन्गा की टीम को बुलाया गया। पुलिस का मानना है कि प्रेम ने हत्या के बाद कीटनाशक खाकर आत्महत्या की कोशिश की। मामले की गहन जांच की जा रही है।