Loading...

Crime / पांवटा साहिब में कार सवार कर्मचारी पर हमला, अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Crime : पांवटा साहिब क्षेत्र में एक कंपनी कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता राजेश कुमार, जो सतीवाला स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया है कि ड्यूटी समाप्त होने के बाद घर लौटते समय कुछ अज्ञात लोगों ने उनका रास्ता रोककर हमला कर दिया। घटना में उन्हें हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रास्ता रोककर किया गया हमला

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार राजेश कुमार निवासी किशनपुरा, जिला यमुनानगर, हरियाणा अपनी कंपनी से छुट्टी के बाद एक वाहन में सवार होकर घर जा रहे थे। जब उनका वाहन बैहराल से आगे लाल ढांग सड़क के पास पहुंचा तो पीछे से आए दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने डंडों से मारपीट की, जिससे उन्हें दोनों टांगों, हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें लगीं।

रंजिश की आशंका, पुलिस जुटी जांच में

शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि किसी पुरानी रंजिश के चलते कंपनी से जुड़े किसी व्यक्ति ने उन पर हमला करवाया हो सकता है। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े और हेलमेट से ढके हुए थे। इसके अलावा मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट पर भी टेप लगी हुई थी, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। घटना के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

डिजिटल माध्यमों से की जा रही आरोपियों की तलाश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए डिजिटल तकनीकों एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की सहायता ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

Related Topics: