डीएवी राजगढ़ में छात्र परिषद का निवेश समारोह संपन्न, उत्सव कौशल बने हेड बॉय, आरुषि गिल हेड गर्ल
डीएवी शताब्दी महात्मा आनंद स्वामी पब्लिक स्कूल राजगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद का निवेश समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया गया और उन्हें नेतृत्व, अनुशासन तथा जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि एसडीएम राज कुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
राजगढ़
डीएवी शताब्दी महात्मा आनंद स्वामी पब्लिक स्कूल, राजगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद का निवेश समारोह गरिमापूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ नव-निर्वाचित छात्र परिषद के आकर्षक मार्च-पास्ट और स्वागत गीत से हुआ।विद्यालय के अध्यापक मनीष सागर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उपमंडलाधिकारी राज कुमार ठाकुर ने मुख्य अतिथि तथा विद्यालय की पूर्व प्रधानाचार्या रीना मल्होत्रा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शिरकत की।
समारोह के दौरान हेड बॉय उत्सव कौशल, हेड गर्ल आरुषि गिल, स्कूल प्रीफेक्ट (बॉय) आरव, स्कूल प्रीफेक्ट (गर्ल) आराध्या, स्पोर्ट्स कैप्टन लक्ष्य, स्पोर्ट्स कैप्टन स्वास्तिका सहित विभिन्न हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन, प्रीफेक्ट्स एवं अन्य छात्र पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया गया। सभी छात्र प्रतिनिधियों ने अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की शपथ ली।मुख्य अतिथि राज कुमार ठाकुर ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, अपने कर्तव्यों को समझने तथा एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि रीना मल्होत्रा ने भी विद्यालय में बिताए अपने कार्यकाल को याद करते हुए विद्यालय परिवार के प्रति आत्मीयता व्यक्त की।विद्यालय के प्रधानाचार्य ने नव-निर्वाचित छात्र परिषद को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, उत्तरदायित्व और दूसरों को प्रेरित करने की क्षमता का परिचायक है। उन्होंने छात्र नेताओं से अपने आचरण और कार्यशैली से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया।समारोह के अंत में विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन और सेवा भाव को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।