Dehra / डोहग प्लोटी में 27 वर्षीय विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत ने देहरा क्षेत्र को झकझोर दिया। मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या के आरोप लगाए हैं जबकि पुलिस ने पति, सास और ससुर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
देहरा
फाैरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
देहरा उपमंडल की डोहग प्लोटी पंचायत में हुई इस घटना की सूचना रात करीब साढ़े एक बजे हरिपुर थाना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि शव को पहले ही परिजनों ने फंदे से नीचे उतार लिया था। फाैरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और डीएसपी देहरा शुमायला चौधरी ने मौके का निरीक्षण किया। शव को सिविल अस्पताल देहरा भेजकर पोस्टमार्टम करवाया गया।
मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के पिता मदन लाल ने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। उनका कहना है कि मृतका का पति वरुण नशे का आदी था और आए दिन मानसिक व शारीरिक रूप से उसे प्रताड़ित करता था। उन्होंने यह भी कहा कि जब उन्हें रात को एक बजे सूचना दी गई, तब तक शव नीचे उतारा जा चुका था। मायका पक्ष ने पंचायत प्रधान पूनम परमार पर भी ससुराल पक्ष का साथ देने का आरोप लगाया।
प्रधान ने आरोपों को बताया निराधार
पंचायत प्रधान पूनम परमार ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने परिवार को महिला को तुरंत अस्पताल ले जाने को कहा था। पूनम के अनुसार, उस समय महिला में हल्की सांसें चल रही थीं और पति ने सीपीआर भी दिया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
तीनों आरोपी हिरासत में, जांच जारी
डीएसपी शुमायला चौधरी ने बताया कि मौके से चुन्नी का कटा हुआ फंदा बरामद हुआ है। मायका पक्ष की शिकायत पर महिला के पति, सास और ससुर को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।
तनावपूर्ण माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए हरिपुर, रानीताल, देहरा और ज्वालामुखी से पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में महिला का अंतिम संस्कार शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।